रियाद, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 की स्थानीय आयोजन कमेटी ने कहा है कि क्षेत्र में हाल के हमलों के बावजूद, अगले साल जनवरी में शुरू होने वाले टूर्नामेंट की तैयारियां चल रही हैं। यह कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट अगले साल 7 जनवरी से 5 फरवरी तक रियाद, जेद्दा और अल खोबर में होगा।
10 अक्टूबर को सऊदी की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमले में 12 लोग मारे गए और 309 घायल हो गए। यमन के ईरान से जुड़े हूती मूवमेंट ने रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली। यह हमला एक दशक से ज्यादा समय में देश का सबसे खतरनाक हमला माना जा रहा है।
आयोजकों की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “सभी संगठनात्मक और ऑपरेशनल क्षेत्रों में तैयारियां मंजूर शेड्यूल के हिसाब से चल रही हैं। इसमें वेन्यू, सुविधाएं और सहायक सेवाओं पर काम शामिल है। पूरे एशिया से हिस्सा लेने वाली टीमों, फैंस और मीडिया को वर्ल्ड-क्लास टूर्नामेंट का अनुभव देने पर फोकस है, साथ ही फुटबॉल के जरिए पूरे कॉन्टिनेंट को एक साथ लाना है।”
बयान में आगे कहा गया, “एलओसी तैयारियों को ट्रैक पर रखने और यह पक्का करने के लिए प्रतिबद्ध है कि एक ऐसा टूर्नामेंट कराने के लिए जरूरी स्रोत मौजूद हों, जो एक मेजबान के तौर पर सऊदी अरब के लक्ष्य और स्तर को दिखाए।”
एएफसी अध्यक्ष शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा ने पहले 2027 एएफसी एशियन कप को एक साल आगे बढ़ाकर 2028 तक करने का रास्ता खोला था, लेकिन सऊदी अरब की वजह से स्पोर्ट्स इवेंट को पोस्टपोन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
इससे पहले, फीफा और सऊदी ईस्पोर्ट्स फेडरेशन ने फीफा-ई फाइनल्स 2026 को पोस्टपोन कर दिया था, जो जेद्दा में होने वाला था। रियाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हाल ही में हुए हमले के बाद 16 से 25 अक्टूबर तक होने वाले इवेंट को पोस्टपोन किया गया था।
रियाद एयरपोर्ट पर हुए जानलेवा हमले की वजह से सऊदी अरब में सिक्स किंग्स स्लैम टेनिस एग्जीबिशन इवेंट को भी लॉजिस्टिक दिक्कतों की वजह से 27-30 दिसंबर, 2026 तक के लिए टाल दिया गया है।
