कोलकाता, 18 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने राज्य की जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी मजबूती और पारदर्शिता के साथ काम करेगी।
उन्होंने कहा, “हम नागरिकों के लिए बहुत अच्छा काम करेंगे। हर 15 दिन में कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि जनता से जुड़े फैसले तेजी से लिए जा सकें।”
अग्निमित्रा पॉल ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का काम आने वाले दिनों में और ज्यादा दिखाई देगा। उन्होंने लोगों से भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, “हमारे मुख्यमंत्री का काम अब और अधिक नजर आएगा। विश्वास बनाए रखें।”
दरअसल, पश्चिम बंगाल की राजनीति में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता हासिल की है। कोलकाता में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने सीएम सुवेंदु अधिकारी और उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी।
सुवेंदु अधिकारी के साथ जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के साथ पश्चिम बंगाल में पहली बार किसी दक्षिणपंथी दल की सरकार बनी है, जिसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
अग्निमित्रा पॉल का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। वह आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचीं और अब नई सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाई गई हैं। राजनीति में आने से पहले वह एक प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर थीं। उन्होंने बॉलीवुड और टॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन किए हैं। इनमें श्रीदेवी, मिथुन चक्रवर्ती, रितुपर्णा सेनगुप्ता और जीत जैसे नाम शामिल हैं।

