लखनऊ, 12 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को देशभक्ति और शहीदों के सम्मान से जुड़ा अभियान बताया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह उन क्रांतिकारियों और वीर सपूतों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूम लिया।
जयवीर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 15 अगस्त उन बलिदानी सपूतों को नमन करने का दिन है, जिनकी कुर्बानी से देश को आजादी मिली। यह संविधान, स्वतंत्रता और राष्ट्र को प्रणाम करने का अवसर भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ फहराने की अपील को सार्थक बताते हुए कहा कि देश से प्रेम करने वाले हर व्यक्ति को अपने घर पर तिरंगा जरूर फहराना चाहिए।
एफसीआरए बिल को लेकर जयवीर सिंह ने कहा कि विदेशी फंडिंग के जरिए राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, धर्म परिवर्तन और समाज में विद्वेष फैलाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और अंकुश लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों के लिए विदेशी धन के इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था आवश्यक है।
रांची के छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए और इस मुद्दे पर ‘पिक एंड चूज’ की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ठोस मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहा है और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाना चाहता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब समझ रही है और ऐसे रवैये को माफ नहीं करेगी।
इसी बीच, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और पीएम मोदी की अपील पर मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का मूल भाव यह है कि देश हमें बहुत कुछ देता है, इसलिए हमें भी देश के लिए कुछ वापस देना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की प्रकृति, जमीन और पर्यावरण ने लोगों को आगे बढ़ने और तरक्की करने के अनेक अवसर दिए हैं। देश की आजादी में सैनिकों और वीर सपूतों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
दानिश अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को पूरे देश का समर्थन मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं। युवाओं के साथ नारी शक्ति भी अभियान में भागीदारी कर रही है और ‘हर घर तिरंगा’ देश को एकता के धागे में पिरोने का काम कर रहा है।
झारखंड में छात्रों के आंदोलन और विपक्ष के रवैये को दानिश अंसारी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में युवाओं की बात करने वाले विपक्षी नेता झारखंड के रांची में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर चुप हैं।
उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी वास्तव में छात्रों और युवाओं के हितैषी हैं तो उन्हें रांची जाकर छात्रों की समस्याओं को सुनना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों पर गंभीरता से बात करने के बजाय अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दे रही है।

