Tuesday, June 2, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय हिमाचल प्रदेश : सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डिजिटल जनगणना के तहत...

हिमाचल प्रदेश : सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डिजिटल जनगणना के तहत दी पूरी जानकारी

0
4

शिमला, 2 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डिजिटल जनगणना की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। उन्होंने डिजिटल जनगणना के तहत अपनी सारी जानकारी दी। इस खास मौके पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक कमलेश ठाकुर तथा मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार भी उपस्थित रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री को जनगणना संचालन निदेशक दीप शिखा शर्मा और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जनगणना के संबंध में पूरी जानकारी दी। साथ ही, यह भी बताया कि जनगणना के संबंध में इस तरह की तैयारी की गई है, ताकि आम लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो।

वहीं, मुख्यमंत्री ने आगामी 15 जून तक लोगों से डिजिटल जनगणना के तहत सभी जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि जब आप लोग अपने बारे में जानकारी नहीं देंगे, तब तक प्रदेश की असल तस्वीर सामने नहीं आएगी और अगर असल तस्वीर सामने नहीं आएगी, तो हम विकास का खाका तैयार नहीं कर पाएंगे। हम लोगों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू नहीं कर पाएंगे। ऐसी स्थिति में अगर आप चाहते हैं कि हम प्रदेश के लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू करें, तो इसके लिए यह जरूरी हो जाता है कि आप लोग इस दिशा में आगे कदम बढ़ाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2027 का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसमें गृह सूचीकरण और आवास जनगणना की जाएगी। दूसरे चरण में जनसंख्या गणना का कार्य संपन्न होगा।

उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रहेगी। मोबाइल के जरिए आप अपने और अपने परिवार के लोगों के बारे में बुनियादी जानकारी दे सकेंगे। इन्हीं जानकारियों का सहारा लेकर आगे चलकर हम प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे।

वहीं, उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में 11 से 30 सितंबर तक डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया जारी रहेगी। प्रदेश में यह काम 9 से 28 फरवरी 2027 तक पूरा होगा।

इसके अलावा, उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वो आगे आकर डिजिटल जनगणना में जुटे अधिकारियों की मदद करें। उनके प्रति अपने रवैये को सकारात्मक बनाकर रखें, ताकि जनगणना करने में आसानी हो।