चंडीगढ़, 27 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमएडीए) में फैले भ्रष्टाचार का खुलासा खुद उसी पार्टी के एक सांसद ने किया है।
ढिल्लों ने एक बयान में कहा, “जीएमएडीए में रिश्वतखोरी और नौकरशाही द्वारा सिस्टम के गलत इस्तेमाल के बारे में ‘आप’ सांसद के आरोप इस बात का साफ सबूत है कि मान सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।”
उन्होंने कहा कि खुद ‘आप’ सांसद का जीएमएडीए में भ्रष्टाचार की बात मानना ’सरकार के भ्रष्ट कामकाज का साफ सबूत है।’
ढिल्लों ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार सिर्फ जीएमएडीए तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब में फैला हुआ है। इस भ्रष्टाचार और लूट ने राज्य के आम लोगों, व्यापारियों और गरीबों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की तहसीलों में बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं हो रहा है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि माइनिंग से राज्य के खजाने में 20,000 करोड़ रुपए आएंगे, लेकिन कमाई सिर्फ 600 करोड़ रुपए तक ही सीमित रही। बाकी के 19,400 करोड़ रुपए कहां गए? पंजाब के लोग इसका जवाब अच्छी तरह जानते हैं।
ढिल्लों ने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति का दावा करने वाली ‘आप’ सरकार को यह जवाब देना चाहिए कि वह कैसे शासन कर सकती है, जब उसका अपना सांसद सरकारी संस्थानों को लूट का अड्डा बताता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। पंजाब के लोग ‘आप’ सरकार को उसकी लूट और भ्रष्टाचार के लिए जवाबदेह ठहराएंगे और 2027 में इस ‘बेहद बेईमान सरकार’ को सत्ता से बाहर कर देंगे।
