मुंबई, 2 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा ने वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर कहा कि काम और निजी जीवन के बीच सही संतुलन बनाना हमेशा संभव नहीं हो पाता। उन्होंने इसकी तुलना जेंगा के खेल से की और कहा कि अगर थोड़ी लापरवाही हो जाए तो सब कुछ बिगड़ जाता है।
अदा शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज के समय में सही तरीके से काम और निजी जिंदगी के बीच बैलेंस बनाना आसान नहीं है। उन्होंने इसे एक उदाहरण देकर समझाया और कहा, “जब भी मैं अपना शेड्यूल बैलेंस करने की कोशिश करती हूं, तो वो जेंगा टावर जैसा लगने लगता है। बस एक और शूट जुड़ता है और सब कुछ डगमगा जाता है।”
उनका कहना है कि परफेक्ट बैलेंस के पीछे भागने के बजाय वह दिन को हल्के-फुल्के अंदाज में जीने पर ध्यान देती हैं। छोटे-छोटे पलों में खुशी ढूंढना और खुद पर ज्यादा दबाव न डालना ही उनका तरीका है।
अदा ने आगे कहा, “मैंने समझ लिया है कि मैं परफेक्ट बैलेंस में अच्छी नहीं हूं, लेकिन इतना जरूर कर लेती हूं कि पूरी तरह टूट न जाऊं। कई बार पांच घंटे की नींद को भी मैं सेहतमंद मान लेती हूं और दिन आराम से निकाल लेती हूं।”
उन्होंने यह भी बताया कि अगर वह समय पर शूट पूरा कर लें, हंस लें, समय पर खाना खा लें और फोन कहां रखा है यह याद रहे, तो उनके लिए वही एक सफल दिन होता है। उनके मुताबिक, छोटी-छोटी जीत ही असली वेलनेस हैं।
काम की बात करें तो 33 वर्षीय अभिनेत्री अदा शर्मा को हाल ही में फिल्म ‘तुमको मेरी कसम’ में देखा गया था, जिसे विक्रम भट्ट ने डायरेक्ट किया है। यह फिल्म डॉ. अजय मुर्डिया के जीवन से प्रेरित बताई जाती है, जो इंदिरा आईवीएफ के संस्थापक हैं। फिल्म में अनुपम खेर, इश्वाक सिंह और ईशा देओल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए।
अब अदा जल्द ही फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ मनोज बाजपेयी भी होंगे। यह फिल्म 1991 के आर्थिक संकट के दौरान आरबीआई गवर्नर रहे एस. वेंकटरमणन के समय से प्रेरित बताई जा रही है, हालांकि मेकर्स ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस फिल्म को सनशाइन पिक्चर्स ने प्रेजेंट किया है और इसका निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है। इसे विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है और यह 12 जून को रिलीज होने की उम्मीद है।

