अहमदाबाद, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने गुरुवार को यूरोप की दूसरी सबसे बड़ी स्वतंत्र लिक्विड स्टोरेज ऑपरेटर इवोस बी.वी का ऑल-कैश डील में 2.56 अरब यूरो की एंटरप्राइस वैल्यू पर अधिग्रहण किया।
इस समझौते के तहत, एपीएसईजेड, इग्निओ इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स से इवोस में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी।
इस सौदे में इवोस का इक्विटी मूल्य 1.18 अरब यूरो आंका गया है और इस आधार पर अधिग्रहण मल्टीपल सीवाई25 के ईवी/ईबीआईटीडीए का 11.7 गुना है।
इस सौदे के लिए फंड कर्ज के जरिए जुटाया जाएगा। साथ ही, इसके लिए रेगुलेटरी मंजूरियों और वर्क्स काउंसिल कंसल्टेशन की प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है।
कंपनी ने बयान में कहा, “भारत के सबसे बड़े और दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों में से एक, एपीएसईजेड ने नीदरलैंड स्थित ‘इवोस बी.वी.’ में ‘इग्नियो इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स’ की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। यह एक पूरी तरह से कैश डील है, जिसमें कंपनी की एंटरप्राइज वैल्यू 2.56 अरब यूरो आंकी गई है।”
इवोस ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 392 मिलियन यूरो की आय और 219 मिलियन यूरो का ईबीआईटीडीए दर्ज किया है, जो 56 प्रतिशत का मजबूत ईबीआईटीडीए मार्जिन दर्शाता है।
इस अधिग्रहण के बाद, संयुक्त इकाई का प्रो-फॉर्मा नेट डेट-टू-ईबीआईटीडीए अनुपात 2.76 गुना रहने की उम्मीद है, जो वित्त वर्ष 2027 तक घटकर लगभग 2.5 गुना हो जाएगा।
इस डील पर एपीएसईजेड के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने कहा कि यह अधिग्रहण कंपनी के उस सफर में एक अहम पड़ाव है, जिसका लक्ष्य एक अरब टन कार्गो को संभालना और एक वास्तविक वैश्विक एकीकृत परिवहन प्लेटफॉर्म तैयार करना है।
करण अदाणी ने कहा, “एपीएसईजेड के लिए ‘इवोस’ एक महत्वपूर्ण अधिग्रहण है, जो हमें एक अरब टन कार्गो संभालने और एक वास्तविक वैश्विक, एकीकृत परिवहन प्लेटफॉर्म बनाने के हमारे लक्ष्य के करीब ले जाता है। हम अपने पोर्टफोलियो में ‘इवोस’ का स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। इससे हमें दुनिया के प्रमुख लिक्विड स्टोरेज और एनर्जी हब में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करने में मदद मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “हम यूरोप के साथ साझेदारी करने, वहां सस्टेनेबल एनर्जी ट्रांजिशन में सहयोग देने और दीर्घकालिक मूल्य बनाने के लिए उत्सुक हैं। साथ ही, हम अपनी वित्तीय समझदारी को भी बनाए रखेंगे, जो हमारी विकास यात्रा का आधार है।”
नीदरलैंड में मुख्यालय वाली ‘इवोस’ नीदरलैंड, जर्मनी, स्पेन, बेल्जियम और माल्टा में रणनीतिक रूप से स्थित आठ बंदरगाह-आधारित टर्मिनलों के जरिए 6.3 मिलियन क्यूबिक मीटर की स्टोरेज क्षमता का संचालन करती है।
कंपनी की उपस्थिति प्रमुख ऊर्जा और औद्योगिक केंद्रों में है, जिनमें एम्स्टर्डम-रॉटरडैम-एंटवर्प क्षेत्र, हैम्बर्ग और भूमध्यसागरीय क्षेत्र शामिल हैं।
