SGSU Advertisement
Home मनोरंजन भजन गायक अनूप जलोटा ने लॉन्च किया ‘भक्तिद्वार’ ऐप, बोले-यह शांति का...

भजन गायक अनूप जलोटा ने लॉन्च किया ‘भक्तिद्वार’ ऐप, बोले-यह शांति का द्वार है

0
6

मुंबई, 13 सितंबर (आईएएनएस)। पद्मश्री से सम्मानित मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा ने भक्ति और आध्यात्मिकता को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की है। उन्होंने ‘भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप’ लॉन्च किया और इसके लोगो का अनावरण किया। यह प्लेटफॉर्म लोगों को भक्ति, आध्यात्मिक और सनातन धर्म से जुड़े कंटेंट एक ही जगह उपलब्ध कराएगा।

अनूप जलोटा ने इस पहल की तारीफ करते हुए बताया कि आज की तनाव भरी जिंदगी में भक्ति और अध्यात्म लोगों को सुकून देने का काम कर सकते हैं।

लॉन्च इवेंट में अनूप जलोटा ने कहा, ”मैं खुद भक्तिद्वार में प्रवेश कर चुका हूं। यह सिर्फ एक ऐप नहीं है, बल्कि भक्ति, खुशी और शांति का द्वार है। आज लोग तनाव, चिंता और मानसिक दबाव से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में भगवान को याद करना, भजन सुनना और अध्यात्म से जुड़ना मन को सच्ची शांति दे सकता है। मेरा मानना है कि भक्तिद्वार लाखों लोगों को अध्यात्म से जोड़ेगा और उनकी जिंदगी में सकारात्मकता लेकर आएगा।”

अनूप जलोटा ने कहा, ”आज की युवा पीढ़ी के बीच भक्ति संगीत और आध्यात्मिक कंटेंट को लेकर दिलचस्पी बढ़ रही है। जब इंसान तनाव में होता है, तब भगवान को याद करने और भक्ति में डूबने से बड़ा सुकून शायद ही कुछ हो। ‘भक्तिद्वार’ इसी सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाने वाली एक शानदार पहल है।”

‘भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप’ के फाउंडर दिनेश असोपा ने इस मौके पर अनूप जलोटा का उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, ”’भक्तिद्वार’ मेरे लिए सिर्फ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि करीब एक दशक से देखा गया सपना है। इस सपने को हकीकत में बदलने में उन्हें लगभग 10 साल का समय लगा।

दिनेश असोपा ने कहा, ”मैं पिछले 10 साल से इस ऐप पर काम कर रहा हूं। हमारा मकसद केवल एक और ओटीटी प्लेटफॉर्म बनाना नहीं था, बल्कि ऐसा डिजिटल मंच तैयार करना था, जहां लोगों को भक्ति, आध्यात्म और सनातन धर्म से जुड़ा कंटेंट एक ही जगह पर उपलब्ध हो सके। आज इस सपने को हकीकत में बदलते देखना मेरे लिए बेहद खास पल है।”

‘भक्तिद्वार’ के लिए तैयार की गई कई खास सीरीज का निर्देशन फिल्ममेकर जयदेव चक्रवर्ती ने किया है। इन शो में आध्यात्मिक विषयों को आज के दौर के हिसाब से पेश करने की कोशिश की गई है।