Saturday, June 20, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बेंगलुरु-तुमकुरु के बीच बनेगी फोर-ट्रैक रेलवे लाइन, 5-6 महीने में शुरू होगा...

बेंगलुरु-तुमकुरु के बीच बनेगी फोर-ट्रैक रेलवे लाइन, 5-6 महीने में शुरू होगा भूमि अधिग्रहण

0
4

तुमकुरु, 20 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक में बेंगलुरु और पड़ोसी शहर तुमकुरु के बीच रेल संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने शनिवार को बताया कि दोनों शहरों के बीच चौथी रेलवे लाइन (क्वाड्रुपल रेल लाइन) बिछाने की परियोजना की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

करीब 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए अतिरिक्त भूमि की पहचान का काम तेज गति से किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि अगले पांच से छह महीनों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

वी. सोमन्ना ने कहा, “विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और तकनीकी समिति से इसे मंजूरी भी मिल गई है। अब यह प्रस्ताव कैबिनेट और नीति आयोग के पास जाएगा। इसके बाद पांच-छह महीनों में भूमि अधिग्रहण शुरू कर दिया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि बेंगलुरु से तुमकुरु तक मौजूदा रेलवे ट्रैक को चार लाइनों में विकसित किया जाएगा। साथ ही, उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर बेंगलुरु से तुमकुरु तक मेट्रो विस्तार के भी इच्छुक हैं और केंद्र सरकार इसके लिए पूरी तरह तैयार है।

सोमन्ना ने कहा कि यदि बेंगलुरु की तर्ज पर किसी शहर को विकसित करने की संभावना है, तो वह तुमकुरु है।

परियोजना पूरी होने के बाद एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनें अलग-अलग ट्रैक पर संचालित हो सकेंगी, जिससे सिग्नल या क्रॉसिंग के इंतजार की आवश्यकता नहीं होगी। इससे परिचालन क्षमता बढ़ेगी और बेंगलुरु से तुमकुरु के बीच यात्रा का समय लगभग आधा होने की उम्मीद है।

यह नई चार-लाइन रेलवे परियोजना कर्नाटक के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक पर भीड़भाड़ कम करेगी, रेल संपर्क को मजबूत बनाएगी और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

गौरतलब है कि रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए हर दिन बड़ी संख्या में लोग तुमकुरु से बेंगलुरु रेल मार्ग का उपयोग करते हैं। बेंगलुरु से करीब 68 किलोमीटर दूर स्थित तुमकुरु जिला मुख्यालय है, लेकिन मौजूदा डबल ट्रैक बढ़ते रेल यातायात का दबाव झेलने में सक्षम नहीं है, जिससे ट्रेनों में देरी और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।