नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका को कोलंबो में बुधवार को ‘बिम्सटेक’ स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक का सफल आयोजन हुआ। भारत ने इसके लिए श्रीलंका को बधाई दी। भारत ने कहा कि यह बैठक स्वास्थ्य क्षेत्र में क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक ‘महत्वपूर्ण मील का पत्थर’ है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि संशोधित कार्य योजना (2026-2030) को मंजूरी मिलने से क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग के प्रति सदस्य देशों की सामूहिक प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “11 नवंबर 2026 को कोलंबो में आयोजित पहली ‘बिम्सटेक’ स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक की सफल मेजबानी के लिए श्रीलंका को बधाई। यह बैठक स्वास्थ्य क्षेत्र में क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारत को खुशी है कि सभी सदस्य देशों ने भारत के जामनगर में ‘बिम्सटेक’ पारंपरिक चिकित्सा केंद्र स्थापित करने पर सहमति जताई है।”
मंत्रालय ने कहा कि यह पहल पूरे क्षेत्र में पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने और लोगों के लिए बेहतर निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
इससे पहले दिन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने ‘बिम्सटेक’ स्वास्थ्य मंत्रियों की उद्घाटन बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपने अनुभव और सफल मॉडल ‘बिम्सटेक’ सदस्य देशों के साथ साझा करने के लिए तैयार है।
नड्डा ने आयुष्मान भारत योजना, मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे और डिजिटल स्वास्थ्य पहलों के जरिए भारत की सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में हुई प्रगति को भी रेखांकित किया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने ‘एक्स’ पोस्ट पर बताया कि जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य सुरक्षा, महामारी से निपटने की तैयारी, वन हेल्थ दृष्टिकोण और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने दोहराया कि भारत गुजरात के जामनगर में ‘बिम्सटेक’ उत्कृष्टता केंद्र की मेजबानी करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस केंद्र का उद्देश्य संयुक्त शोध, क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना होगा।
नड्डा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के विजन से प्रेरित होकर भारत एक स्वस्थ, समावेशी और मजबूत ‘बिम्सटेक’ क्षेत्र के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
जेपी नड्डा मंगलवार को ‘बिम्सटेक’ स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक में भाग लेने के लिए कोलंबो पहुंचे थे, जहां उनका स्वागत श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने किया।
कोलंबो पहुंचने के बाद नड्डा ने कहा कि वह ‘बिम्सटेक’ सदस्य देशों के अपने समकक्षों के साथ बातचीत को लेकर उत्साहित हैं। उनका उद्देश्य क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करना, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाना है।
