SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ब्लैक बॉक्स ने लगातार दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड नतीजे पेश किए

ब्लैक बॉक्स ने लगातार दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड नतीजे पेश किए

0
1

मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। एस्सार की प्रौद्योगिकी इकाई और वैश्विक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशन प्रदाता ब्लैक बॉक्स लिमिटेड (बीएसई: 500463 | एनएसई: बीबीओएक्स) ने शुक्रवार को 30 सितंबर को समाप्त तिमाही और छमाही के लिए अपने गैर-ऑडिटेड वित्तीय नतीजों की घोषणा की।

ब्लैक बॉक्स ने इस तिमाही में 1,936 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 22 प्रतिशत और पिछली तिमाही के मुकाबले 13 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का ईबीआईटीडीए सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 175 करोड़ रुपए हो गया, जबकि कर पश्चात लाभ (पीएटी) 31 प्रतिशत बढ़कर 73 करोड़ रुपए रहा।

यह वृद्धि हाइपरस्केल डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर और एंटरप्राइज सॉल्यूशंस के क्षेत्र में लगातार बेहतर क्रियान्वयन के साथ-साथ कंपनी के टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स कारोबार में बढ़ती मांग से प्रेरित रही।

कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग रिकॉर्ड 1,044 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 88 प्रतिशत अधिक है। इससे कंपनी की आगे की वृद्धि की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।

ब्लैक बॉक्स लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजीव वर्मा ने कहा, “ब्लैक बॉक्स मजबूत विकास गति बना रही है। कंपनी ने तिमाही राजस्व का रिकॉर्ड बनाया है और उसका ऑर्डर बैकलॉग 1 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है। ये नतीजे कारोबार को 2 अरब डॉलर के राजस्व के अपने निकट भविष्य के लक्ष्य की ओर ले जाने के हमारे भरोसे को मजबूत करते हैं। हमारा डेटा सेंटर कारोबार वृद्धि का एक प्रमुख इंजन है। कई हाइपरस्केल कंपनियों से बड़े ऑर्डर और बार-बार मिल रहे प्रोजेक्ट्स उनके इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश में हमारी भूमिका का विस्तार कर रहे हैं। अमेरिका में हमारी मजबूत मौजूदगी, गहरी विशेषज्ञता और काम को सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता हमें डेटा सेंटर निवेश में तेजी का अधिक लाभ उठाने की स्थिति में रखती है। इसके साथ ही हमारे पास बड़े अवसरों की एक मजबूत पाइपलाइन है।”

उन्होंने कहा, “अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एंटरप्राइज और टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स कारोबार का विस्तार हमारी विकास संभावनाओं को और मजबूत कर रहा है।ऑर्डर और काम पूरा करने की सिद्ध क्षमता के साथ हम बड़े स्तर पर काम करने के लिए तैयार हैं। लगातार नियुक्तियां, कर्मचारियों में निवेश और डिलीवरी क्षमता का विस्तार हमें बड़ी परियोजनाओं को पूरा करने और विकास के अगले चरण में आगे बढ़ने में मदद कर रहा है।”

ब्लैक बॉक्स लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं ग्लोबल मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) दीपक कुमार बंसल ने कहा, “दूसरी तिमाही का हमारा प्रदर्शन ब्लैक बॉक्स की बढ़ती कमाई क्षमता को दर्शाता है। कंपनी का पीएटी 31 प्रतिशत बढ़कर 73 करोड़ रुपए हो गया, जो राजस्व में हुई 22 प्रतिशत वृद्धि से अधिक है। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में ईबीआईटीडीए मार्जिन 50 आधार अंक बढ़कर 9.2 प्रतिशत हो गया, जबकि परिचालन नकदी प्रवाह 115 करोड़ रुपए रहा। हम विकास को बेहतर लाभप्रदता और नकदी सृजन में बदल रहे हैं। हमारा विस्तार करता डेटा सेंटर कारोबार और ऑर्डर की मजबूत पाइपलाइन राजस्व और कमाई को बढ़ाने के लिए ठोस आधार प्रदान करती है।”

उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे पक्के ऑर्डर राजस्व में बदलेंगे, हमें परिचालन लाभ में और सुधार करने तथा कमाई की इस गति को बनाए रखने के अतिरिक्त अवसर दिखाई दे रहे हैं। हमें वित्त वर्ष 2027 के लिए 23-27 प्रतिशत राजस्व वृद्धि और 38-50 प्रतिशत पीएटी वृद्धि के अपने अनुमान को हासिल करने का भरोसा है। अगले कुछ वर्षों तक मुनाफे में उच्च दोहरे अंकों की वृद्धि और नकदी प्रवाह में मजबूती की उम्मीद है। कार्यशील पूंजी का अनुशासित प्रबंधन और पूंजी का विवेकपूर्ण आवंटन इस अवसर को शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य में बदलने की हमारी रणनीति के केंद्र में हैं।”

कंपनी ने बताया कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से बढ़ता निवेश हाइपरस्केल डेटा सेंटर क्षमता, कनेक्टिविटी और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग बढ़ा रहा है। ब्लैक बॉक्स स्थापित हाइपरस्केल कंपनियों के साथ अपने संबंधों, तकनीकी विशेषज्ञता और बड़े स्तर की परियोजनाओं को पूरा करने की क्षमता के जरिए इस बाजार में अपनी भागीदारी बढ़ा रही है।

ब्लैक बॉक्स ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में डेटा सेंटर से जुड़े 250 मिलियन डॉलर से अधिक के ऑर्डर हासिल किए। बड़ी हाइपरस्केल परियोजनाओं की एक मजबूत पाइपलाइन से आने वाली तिमाहियों में बड़े ऑर्डर मिलने और कारोबार की वृद्धि तेज होने की उम्मीद है।

कंपनी गीगावाट स्तर की क्षमता वाले बड़े डेटा सेंटर विकास से जुड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में सहयोग करती है। जटिल परियोजनाओं को पूरा करने का उसका अनुभव मौजूदा ग्राहकों के साथ संबंधों को मजबूत करने और बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में भागीदारी बढ़ाने के अवसर प्रदान करता है।

कंपनी इस मांग को पूरा करने के लिए विशेष रूप से अमेरिका में अपनी इंजीनियरिंग और डिलीवरी क्षमताओं को लगातार मजबूत कर रही है।

ब्लैक बॉक्स ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 298 मिलियन डॉलर के नए ऑर्डर हासिल किए, जो सालाना आधार पर 37 प्रतिशत अधिक हैं। कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग रिकॉर्ड 1,044 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 88 प्रतिशत और पिछली तिमाही के मुकाबले लगभग 10 प्रतिशत अधिक है।

इस बैकलॉग में बड़ी और कई वर्षों तक चलने वाली परियोजनाओं की हिस्सेदारी बढ़ रही है। परियोजनाओं के आधार पर मिले ऑर्डर से अगले 24 से 36 महीनों तक राजस्व की बेहतर दृश्यता मिलती है। हाइपरस्केल, एंटरप्राइज और कई देशों में फैली अपनी ऑर्डर पाइपलाइन के दम पर ब्लैक बॉक्स प्रबंधन को वित्त वर्ष 2027 के लिए तय लक्ष्यों को हासिल करने का भरोसा है।

ब्लैक बॉक्स अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एंटरप्राइज ग्राहकों के साथ अपने संबंधों को लगातार मजबूत कर रही है। कंपनी प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, वित्तीय सेवाओं, औद्योगिक और खुदरा क्षेत्रों के ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करती है।

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी को नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, डेटा सेंटर इंटीग्रेशन और डिजिटल वर्कप्लेस सॉल्यूशंस से जुड़े कई प्रोजेक्ट मिले।

इनमें भारत की एक प्रमुख दूरसंचार कंपनी, वैश्विक प्रौद्योगिकी और सेमीकंडक्टर कंपनियां, अमेरिका के स्वास्थ्य सेवा प्रदाता, एक वैश्विक फार्मास्युटिकल कंपनी, अमेरिका की एक प्रमुख वित्तीय संस्था और खुदरा एवं सार्वजनिक क्षेत्र के ग्राहकों से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

ये परियोजनाएं कंपनी के विविध ग्राहक आधार और 300 रणनीतिक एंटरप्राइज खातों के साथ संबंधों का विस्तार करने की उसकी रणनीति को मजबूत करती हैं।

टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स कारोबार में भी तेजी आ रही है, क्योंकि ग्राहक अपने महत्वपूर्ण परिचालन को आधुनिक बना रहे हैं और सुरक्षित एवं भरोसेमंद कंट्रोल रूम प्लेटफॉर्म में निवेश कर रहे हैं। इससे ब्लैक बॉक्स के विशेष प्रौद्योगिकी उत्पादों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

एंटरप्राइज सॉल्यूशंस और टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स कारोबार मिलकर कंपनी के तेजी से बढ़ते हाइपरस्केल डेटा सेंटर कारोबार के साथ अतिरिक्त विकास अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।

ब्लैक बॉक्स बड़ी और अधिक जटिल ग्राहक परियोजनाओं को पूरा करने के लिए अपने नेतृत्व, इंजीनियरिंग, बिक्री और डिलीवरी क्षमताओं को लगातार मजबूत कर रही है।

कंपनी वित्त वर्ष 2030 तक लगभग 3,000 पेशेवरों की भर्ती करने की अपनी योजना पर आगे बढ़ रही है। इनमें से अधिकांश नियुक्तियां अमेरिका में की जाएंगी। प्रमुख डेटा सेंटर परियोजनाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।

ये निवेश वित्त वर्ष 2030 तक सालाना 2 अरब डॉलर का राजस्व हासिल करने की कंपनी की महत्वाकांक्षा को पूरा करने में मदद करेंगे। इसके लिए कंपनी ग्राहकों के साथ अपने संबंधों का विस्तार करने, क्षमताओं को बढ़ाने और अनुशासित तरीके से परियोजनाओं को पूरा करने पर ध्यान दे रही है।