Sunday, August 9, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति चेन्नई के समुद्र तटों पर लगेंगे नए वाई-फाई पोल, हर रोज 45...

चेन्नई के समुद्र तटों पर लगेंगे नए वाई-फाई पोल, हर रोज 45 मिनट मिलेगा फ्री इंटरनेट

0
3

चेन्नई, 9 अगस्त (आईएएनएस)। चेन्नई के प्रसिद्ध समुद्र तटों पर घूमने आए लोगों को फ्री इंटरनेट सेवा मिलेगी। इसके लिए ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन शहर के समुद्र तटों पर 107 नए वाई-फाई युक्त स्मार्ट पोल लगाने की योजना बना रहा है।

इस विस्तारित सार्वजनिक वाई-फाई सुविधा के सितंबर में शुरू होने की उम्मीद है। इसके तहत हर यूजर्स को रोजाना 45 मिनट तक मुफ्त इंटरनेट मिलेगा।

इस परियोजना के तहत मरीना बीच पर 75 नए वाई-फाई पोल लगाए जाएंगे। बेसंत नगर में 20 और तिरुवनमियुर में 10 पोल एयरटेल द्वारा स्थापित किए जाएंगे।

इन सुविधाओं पर होने वाला पूरा खर्च सेवा प्रदाताओं द्वारा उनकी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी यानी सीएसआर पहल के तहत वहन किया जाएगा।

ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन ने 2021 में शहर के 49 स्थानों पर वाई-फाई स्मार्ट पोल लगाए थे। तब यूजर्स को ओटीपी सत्यापन के बाद 30 मिनट तक मुफ्त इंटरनेट मिलता था। लेकिन समय के साथ इनकी कनेक्टिविटी खराब हो गई। लोगों ने शिकायत की कि मोबाइल फोन नेटवर्क से जुड़ तो जाता है लेकिन इंटरनेट नहीं चलता है।

समुद्र तटों पर भरोसेमंद इंटरनेट की जरूरत इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोग इंटरनेट कॉल करना, संदेश भेजना, कैब बुक करना, डिजिटल पेमेंट करना या परिवार से संपर्क करना चाहते हैं।

व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम अब शहर भर में लगे करीब 2,600 पुराने स्मार्ट पोलों का भी ओवरहॉल करेगा। ये पोल करीब 900 जगहों पर लगे हैं जिनमें सार्वजनिक पार्क, अस्पताल और सरकारी कार्यालय शामिल हैं।

इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत करने और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन आयुक्त जीएस समीरन ने बताया कि मरीना और बेसंत नगर बीच पर 38 वाई-फाई पोल की देखरेख अभी एसीटी फाइबरनेट और रिलायंस जियो कर रहे हैं। संबंधित निजी कंपनियों से सार्वजनिक वाई-फाई का दायरा बढ़ाने को कहा गया है। निगम ने एसीटी फाइबरनेट से उपयोग का डेटा भी मांगा है ताकि यह पता चल सके कि लोग सेवा का कैसे इस्तेमाल कर रहे हैं।

नेटवर्क बढ़ने के साथ साइबर सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती होगी। लोगों ने मांग की है कि खुले सार्वजनिक नेटवर्क पर हैकिंग, डेटा चोरी और अन्य सुरक्षा उल्लंघनों को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए जाएं।