Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय वार्ता: एस जयशंकर बोले, ‘मजबूत साझेदारों के रूप...

भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय वार्ता: एस जयशंकर बोले, ‘मजबूत साझेदारों के रूप में सकारात्मक बातचीत का भरोसा’

0
1

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। अपने शुरुआती संबोधन में उन्होंने कहा कि वह बातचीत को लेकर काफी आशान्वित और आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।

अपने बयान में जयशंकर ने कहा, “हमारी एक व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जिसका सरल शब्दों में अर्थ है कि हमारे बीच बहुत गहरा और व्यापक सहयोग है। यह ऐसा संबंध है जो अन्य क्षेत्रों और दुनिया पर भी प्रभाव डालता है।”

उन्होंने आगे कहा, “ऐसा इसलिए है क्योंकि कई मुद्दों और दुनिया के कई हिस्सों में हमारे हित समान हैं। इसलिए मैं आज की हमारी बातचीत को लेकर उत्सुक हूं। ये जटिल समय हैं, लेकिन मजबूत साझेदारों के रूप में मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी बातचीत बहुत खुली और उत्पादक होगी। एक बार फिर आपका बहुत-बहुत स्वागत है।”

इसके बाद दोनों नेता हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक करेंगे, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी आदि क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

इससे पहले शनिवार को रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से उन्हें जल्द ही व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, रूबियो ने दोनों देशों के बीच रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में “निरंतर प्रगति” की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी को दी।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पोस्ट में कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-अमेरिका सहयोग को और गहरा करने पर “ प्रोडक्टिव चर्चा” की।

उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका के लिए एक “महत्वपूर्ण साझेदार” बना हुआ है।

गोर ने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में सचिव रूबियो के साथ शामिल होकर खुशी हुई। हमने सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण तकनीकों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर उत्पादक चर्चा की — ये सभी क्षेत्र दोनों देशों को मजबूत करते हैं और एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आगे बढ़ाते हैं। भारत अमेरिका के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार है!”

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में यह भी बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को जल्द ही व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया है।