नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस का देश में कोई अस्तित्व नहीं है; सिर्फ केरल में ही वह बची हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चुनावों में कर्नाटक में भी कांग्रेस की ऐसी ही स्थिति हो जाएगी।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि यह परिणाम खराब शासन, अत्यधिक तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा-एनडीए सरकार के कामकाज का मजबूत समर्थन है।
उन्होंने कहा कि एनडीए ने असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में ऐतिहासिक जीत हासिल की है, और इसे प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के प्रभावी शासन का परिणाम बताया।
केंद्रीय मंत्री जोशी ने दावा किया कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी के रूप में अब देश में लगभग शून्य हो चुकी है और केरल को छोड़कर ज्यादातर राज्यों में उसकी मौजूदगी खत्म हो गई है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन का भी जिक्र किया और कहा कि असम में कुछ सफलता मिलने से उसकी स्थिति नहीं बदलती।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और वोट बैंक की राजनीति को जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।
कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति की आलोचना करते हुए जोशी ने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस नेता अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम के साथ गठबंधन की बात कर रहे थे, जिससे साफ है कि पार्टी के पास राजनीतिक जगह बहुत कम बची है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केरल में कांग्रेस की गठबंधन राजनीति और रवैये ने पूरे देश में उसकी स्थिति कमजोर कर दी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार की गई आलोचना और व्यक्तिगत हमले उलटे पड़ गए हैं।
जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने लोकप्रिय प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, लेकिन जनता ने इसका करारा जवाब दिया है।
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों पर बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले लोग कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण वोट डालने से डरते थे, लेकिन इस बार सख्त व्यवस्था के कारण लोगों ने मतदान किया।
उन्होंने मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने गुंडागर्दी के खिलाफ खड़े होकर मतदान किया।
कर्नाटक उपचुनाव परिणामों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार, खराब शासन और तुष्टिकरण है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इसे सत्ता से बाहर कर देगी।

