Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति संसद में प्रतिनिधित्व मिलने के बाद टीवीके को इंडिया ब्लॉक में शामिल...

संसद में प्रतिनिधित्व मिलने के बाद टीवीके को इंडिया ब्लॉक में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा : मणिक्कम टैगोर

0
3

चेन्नई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता और सांसद मणिकम टैगोर ने रविवार को कहा कि ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) को संसद में प्रतिनिधित्व मिलने के बाद इंडिया ब्लॉक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन असल में उन पार्टियों का समूह है, जिनके पास सांसद हैं।

चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैगोर ने इस सवाल का जवाब दिया कि क्या मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हैं?

टैगोर ने कहा, “अभी टीवीके का कोई सांसद नहीं है। जब पार्टी संसदीय सीटें जीतेगी, तो हम उसे गठबंधन में शामिल होने के लिए कहेंगे। हम बिना सांसद वाली किसी पार्टी को गठबंधन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते। एक बार जब उनके सांसद हो जाएंगे, तो हम निश्चित रूप से उन्हें शामिल करने पर विचार करेंगे।”

कांग्रेस सांसद ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद हुई राजनीतिक घटनाओं को भी याद किया, जिसमें टीवीके 106 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।

टैगोर के अनुसार, चुनाव नतीजों के बाद विजय ने सबसे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को फोन किया था। उन्होंने दावा किया कि विजय ने सरकार बनाने और मुख्यमंत्री का पद संभालने के लिए गांधी का समर्थन मांगा था।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस पहली पार्टी थी, जिसने टीवीके सरकार को समर्थन देने का पत्र सौंपा था। मौजूदा सरकार का हर मंत्री इस बात से वाकिफ है। सरकार और उसके मंत्रियों को शुरुआत में कांग्रेस का समर्थन मिला था।”

टैगोर ने दावा किया कि कांग्रेस के दखल की वजह से ही भाजपा राज्य में कोई वैकल्पिक सरकार नहीं बना पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस का समर्थन न होता तो गृह मंत्री अमित शाह टीवीके को अस्थिर करने और एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश करते।

राष्ट्रीय राजनीति और गठबंधन से जुड़े मामलों पर विजय के कम सार्वजनिक बयानों के बारे में पूछे जाने पर टैगोर ने कहा कि मुख्यमंत्री जरूरत पड़ने पर ही बोलना पसंद करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, “पहले चुनाव होने दीजिए। विजय आम तौर पर बहुत कम बोलते हैं, लेकिन जब उन्हें अपना पक्ष रखने का समय आएगा, तो वे साफ और सही ढंग से बोलेंगे।”