Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति माकपा राजनीतिक रूप से दिवालिया हो चुकी, उसकी 10 विधायक सीटें भी...

माकपा राजनीतिक रूप से दिवालिया हो चुकी, उसकी 10 विधायक सीटें भी भाजपा जीतेगी: माणिक साहा

0
6

अगरतला, 29 मई (आईएएनएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मणिक साहा ने शुक्रवार को दावा किया कि माकपा राजनीतिक रूप से दिवालिया हो चुकी है और भाजपा आने वाले समय में विधानसभा में उसकी सभी 10 सीटें भी जीत लेगी।

अगरतला में त्रिपुरा भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा को संगठनात्मक और बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ता रहे।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और राजनीतिक सफलता के लिए अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं को जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं के अनुरूप काम करना होगा। पार्टी नेताओं और बूथ अध्यक्षों को और सशक्त बनाने के साथ-साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और हर व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष से जमीनी स्तर पर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे न केवल 2028 बल्कि भविष्य में भी राज्य में भाजपा की सरकार बनी रहेगी।

माणिक साहा ने कहा कि त्रिपुरा में भाजपा का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता कांग्रेस और सीपीआई(एम) दोनों की सरकारें देख चुकी है और अब वामपंथी दलों का वास्तविक चेहरा सामने आ चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से भ्रामक प्रचार कर भाजपा को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस या तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टी नहीं है और ऐसे प्रयासों से उसे नुकसान नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह देशभर में सीपीआई(एम) का प्रभाव घटा है, उसी तरह त्रिपुरा में भी उसे पूरी तरह राजनीतिक रूप से पराजित करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को गुमराह करना और झूठ फैलाना उस पार्टी की राजनीति का हिस्सा बन गया है।

विधानसभा में होने वाली बहसों का जिक्र करते हुए माणिक साहा ने कहा कि सीपीआई(एम) अक्सर अपने शासनकाल को “स्वर्णिम युग” बताती है, लेकिन राज्य में सक्रिय रहे मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क उसी दौर की देन हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ऐसे कई माफिया अब सलाखों के पीछे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन के लिए लगातार काम कर रही है और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

भाजपा नीत सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी त्रिपुरा में किए गए सुधारों से संतुष्ट हैं। उनके अनुसार, पूर्वोत्तर क्षेत्र में त्रिपुरा विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) तथा प्रति व्यक्ति आय के मामले में राज्य पूर्वोत्तर में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि नीति आयोगा ने त्रिपुरा को “फ्रंट-रनर” राज्य घोषित किया है। साथ ही राज्य देश का तीसरा सबसे साक्षर राज्य बन गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में एमबीबीएस और स्नातकोत्तर मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ी है तथा एक डेंटल कॉलेज की भी स्थापना की गई है।