Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल सीडब्ल्यूजी 2026: श्रीशंकर ने पुरुषों की लंबी कूद में भारत को दिलाया...

सीडब्ल्यूजी 2026: श्रीशंकर ने पुरुषों की लंबी कूद में भारत को दिलाया सिल्वर मेडल

0
5

ग्लासगो, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के मुरली श्रीशंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बुधवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) पुरुषों की लंबी कूद के फाइनल में 8.09 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ कोशिश के साथ सिल्वर मेडल जीता।

केरल के पलक्कड़ के रहने वाले श्रीशंकर ने दूसरे राउंड में अपनी सर्वश्रेष्ठ कूद लगाई। उन्होंने 8.03 मीटर से शुरुआत की और फिर 8.09 मीटर की दूरी तय की। प्रतियोगिता में बाद में दो फाउल प्रयासों के बावजूद, भारतीय एथलीट पूरे समय मेडल की दौड़ में बने रहे। श्रीशंकर ने अपनी आखिरी दो कूद में 7.94 मीटर और 7.97 मीटर के साथ अपना अभियान समाप्त किया।

27 वर्षीय श्रीशंकर 2022 में बर्मिंघम गेम्स में 8.08 मीटर की कूद के साथ सिल्वर मेडल हासिल करते हुए गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले भारत के पहले पुरुष लॉन्ग जंपर बने थे।

इस मेडल के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 13 हो गई है, जिसमें 2 गोल्ड, 8सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स में भारत ने अब तक पांच मेडल जीते हैं, जिनमें 1 गोल्ड, 3 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है।

जमैका के 2019 वर्ल्ड चैंपियन ताजे गेल ने 8.15 मीटर की विजयी कूद के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंजी ने 8.08 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस इवेंट में एक अन्य भारतीय लोकेश सत्यनाथन ने 7.97 मीटर की सर्वश्रेष्ठ कूद के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

फाइनल में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें चार एथलीट्स ने आठ मीटर का आंकड़ा पार किया। श्रीशंकर की 8.09 मीटर की कूद आखिरकार ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए एथलेटिक्स का नया मेडल पक्का करने के लिए काफी साबित हुई। इस सिल्वर मेडल ने भारत के एथलेटिक्स अभियान को और मजबूत किया है। श्रीशंकर के शानदार इंटरनेशनल रिकॉर्ड में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ी है।