SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्ली: नरेला में डीडीए एलआईजी फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग मंगलवार से शुरू...

दिल्ली: नरेला में डीडीए एलआईजी फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग मंगलवार से शुरू होगी

0
3

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) नरेला में किफायती फ्लैट उपलब्ध कराने के लिए मंगलवार दोपहर से ‘आवास निवेश योजना 2026’ के तहत ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू करेगा।

इस योजना के तहत नरेला में ‘लो इनकम ग्रुप’ (एलआईजी) के 2,516 फ्लैट 25 प्रतिशत की छूट पर उपलब्ध हैं। इससे दिल्ली में किफायती दाम पर अपना घर खरीदने का मौका मिल रहा है।

इन फ्लैटों की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ (एफसीएफएस) के आधार पर की जाएगी। ये फ्लैट नरेला के सेक्टर जी2–जी6 के पॉकेट 3 और 6 में स्थित हैं। कुल 2,516 फ्लैटों में से 1,020 फ्लैट पॉकेट 3 में और 1,496 फ्लैट पॉकेट 6 में हैं। कॉमन एरिया को मिलाकर इन फ्लैटों का प्लिंथ एरिया लगभग 49.90 वर्ग मीटर है।

बयान के अनुसार, 25 प्रतिशत की छूट के बाद पॉकेट 3 में फ्लैटों की अनुमानित कीमत 15.01 लाख रुपए है, जबकि पॉकेट 6 में फ्लैटों की कीमत 14.95 लाख रुपए है।

नरेला एक बेहतरीन आवासीय इलाके के रूप में उभर रहा है, जहां परिवहन की अच्छी व्यवस्था और नागरिक सुविधाएं मौजूद हैं। इसकी मुख्य विशेषताओं में रिठाला–नरेला–कुंडली मेट्रो कॉरिडोर पर बनने वाला दिल्ली मेट्रो स्टेशन, प्रस्तावित नरेला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) स्टेशन, और अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर)-I, यूईआर-II और जीटी करनाल रोड के जरिए बेहतर सड़क संपर्क शामिल हैं।

सेक्टर जी2–जी6 में बनने वाले एजुकेशन हब से भी इस इलाके को फायदा मिलेगा, जहां कई विश्वविद्यालयों को जमीन आवंटित की गई है। यहां के खेल बुनियादी ढांचे में सेक्टर ए-7 का नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और एक प्रस्तावित मल्टी-स्पोर्ट्स इंटीग्रेटेड स्टेडियम व स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शामिल हैं।

बयान में कहा गया है कि नरेला और इसके आसपास मौजूद हरे-भरे स्थान और अन्य नागरिक सुविधाएं इस इलाके के विकास की संभावनाओं को और बढ़ाती हैं।

पूरी पंजीकरण और बुकिंग प्रक्रिया डीडीए के ‘आवास पोर्टल’ के जरिए ऑनलाइन की जा रही है, जिससे आवेदकों के लिए पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित होती है।