आबिदजान, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गेदियोन टिमोथेवोस हेसेबोन को दोबारा इथियोपिया का विदेश मंत्री नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि वे भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए जल्द ही उनसे मुलाकात की उम्मीद करते हैं।
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली ने अपनी नई कैबिनेट में गेदियन टिमोथिवोस हेसेबोन को दोबारा विदेश मंत्री नियुक्त किया।
विदेश मंत्री जयशंकर ने एक्स पोस्ट कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, “इथियोपिया के विदेश मंत्री के तौर पर फिर से नियुक्ति के लिए गेदियन टिमोथिवोस हेसेबोन को बधाई। हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए आपसे जल्द ही मिलने की उम्मीद है।”
सोमवार को इथियोपिया की संसद (एचओपीआर) ने नई संघीय सरकार का गठन किया। सत्ताधारी प्रॉस्पेरिटी पार्टी (पीपी) ने अबिय अहमद अली को दोबारा प्रधानमंत्री पद के लिए चुना।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव के दौरान प्रॉस्पेरिटी पार्टी (पीपी) ने एचओपीआर की 486 सीटों में से 438 सीटों पर जीत हासिल की और दूसरे कार्यकाल के लिए संघीय कार्यकारी शाखा बनाने के लिए जरूरी संसदीय बहुमत प्राप्त किया।
विदेश मंत्री जयशंकर कोटे डी आइवर की अपनी मौजूदा यात्रा पूरी करने के बाद इथियोपिया की यात्रा करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, विदेश मंत्री जयशंकर इथियोपिया के नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, वह अदीस अबाबा में क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों (एचओएम्स) के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।
पिछले कुछ वर्षों में भारत ने अफ्रीकी संघ के साथ अपने रिश्तों को नया आयाम दिया है। अफ्रीकी देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इसके लिए आभार जताते रहे हैं। बुधवार को ही तमाम देशों ने पीएम मोदी को बतौर सरकार प्रमुख 25 साल पूरे करने पर बधाई दी थी। इनमें अबिय अहमद अली भी थे।
अबिय अहमद अली ने एक्स पर लिखा, “प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं आपको महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने की हार्दिक बधाई देता हूं। पहले 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री और 2014 से भारत के प्रधानमंत्री के रूप में आपने सरकार प्रमुख के तौर पर सफलता से 25 साल पूरे किए।”
उन्होंने आगे कहा, “पिछले कुछ वर्षों में इथियोपिया और भारत की साझेदारी और मजबूत हुई है। चाहे ब्रिक्स में इथियोपिया के शामिल होने के लिए भारत का समर्थन हो, या पिछले साल दिसंबर में आपका अदीस अबाबा में स्वागत और इस साल सितंबर में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए मेरी पहली भारत यात्रा हो, रिश्ते बेहतर हुए हैं। मैं इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए आशान्वित हूं।”
शुभकामनाओं के जवाब में, पीएम मोदी ने अबिय अहमद अली का शुक्रिया अदा किया और उन्हें एक और कार्यकाल के लिए पद संभालने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने पिछले साल दिसंबर में इथियोपिया की अपनी यात्रा और नई दिल्ली में हुई हालिया मुलाकात को भी याद किया।
