Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल फीफा वर्ल्ड कप : अल्जीरिया के खिलाफ मैच से पहले अर्जेंटीना के...

फीफा वर्ल्ड कप : अल्जीरिया के खिलाफ मैच से पहले अर्जेंटीना के डिफेंडर ओटामेंडी ने अपनी टीम को किया आगाह

0
15

कैनसस सिटी, 16 जून (आईएएनएस)। अर्जेंटीना के अनुभवी डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी ने अपनी टीम को आगाह किया है कि वह विश्व कप में पिछली गलतियों को दोहराने की भूल नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि मौजूदा विश्व चैंपियन होने के कारण हर टीम अर्जेंटीना को हराने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 38 वर्षीय ओटामेंडी ने कहा कि कतर विश्व कप 2022 की शुरुआत में मिली हार आज भी टीम के लिए एक बड़ी सीख है। यह उनका चौथा विश्व कप है और राष्ट्रीय टीम के साथ आखिरी विश्व कप भी होगा।

ओटामेंडी ने कहा, “मैं इन पलों का पूरा आनंद ले रहा हूं, क्योंकि राष्ट्रीय टीम के साथ यह मेरा आखिरी विश्व कप है। मैं इस प्रतियोगिता, अपने साथियों और हर दिन के अनुभव का आनंद ले रहा हूं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है।”

उन्होंने कहा कि विश्व कप में अपने देश के लिए खेलना और खिताब बचाने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खास है। टीम पूरी तैयारी के साथ उतरी है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।

ओटामेंडी ने कहा, “हमें विनम्र रहना होगा और कड़ी मेहनत करनी होगी। हमारी टीम अच्छी स्थिति में है और हम पूरा दम लगा रहे हैं, क्योंकि हमें पता है कि हर टीम हमें हराना चाहती है।”

उन्होंने बताया कि अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट की तैयारी काफी पहले से शुरू कर दी थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जाना मैदान पर ज्यादा मायने नहीं रखता।

ओटामेंडी ने कहा, “हम जानते हैं कि हम मौजूदा चैंपियन हैं, इसलिए हर टीम हमारे खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना चाहेगी। हमें अलग तरह की नहीं, बल्कि और बेहतर तैयारी करनी होगी और मैदान पर अपना सब कुछ देना होगा। मुझे लगता है टीम की एनर्जी इस समय काफी अच्छी है।”

अनुभवी डिफेंडर ने कतर विश्व कप की उस हार को भी याद किया, जब अर्जेंटीना को सऊदी अरब के खिलाफ 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। उस हार के साथ टीम का 36 मैचों का अजेय अभियान भी समाप्त हो गया था।

उन्होंने कहा, “कतर में जो हुआ, वह हमारे लिए एक उदाहरण है। विश्व कप में कोई भी टीम आसान नहीं होती। हर प्रतिद्वंद्वी आपको मुश्किल में डाल सकता है। इसलिए हमें अपना स्वाभाविक खेल खेलना होगा और अपनी ताकत पर भरोसा रखना होगा।”

अर्जेंटीना मंगलवार को कैनसस सिटी स्टेडियम में अल्जीरिया का सामना करेगा। इसके बाद ग्रुप चरण में उसका सामना ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से होगा।