Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गंगा किनारे बनने वाले 6-लेन अत्याधुनिक कॉरिडोर से काशी में कनेक्टिविटी और...

गंगा किनारे बनने वाले 6-लेन अत्याधुनिक कॉरिडोर से काशी में कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगी नई रफ्तार: पीएम मोदी

0
2

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार ने वाराणसी में गंगा नदी के किनारे अत्याधुनिक छह-लेन कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना बताते हुए कहा कि इससे शहर के प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी, ट्रैफिक जाम कम होगा और पूर्वांचल के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि केंद्र सरकार काशी में विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर बनने वाला नया कॉरिडोर शहर की मौजूदा सड़कों पर दबाव कम करेगा और लोगों की यात्रा को अधिक सुगम बनाएगा।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “हम काशी में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी दिशा में आज गंगा के किनारे अत्याधुनिक छह-लेन कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दी गई है।”

उन्होंने आगे कहा, “इस परियोजना से शहर के प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच और बेहतर होगी। साथ ही सड़क नेटवर्क पर दबाव कम होने से आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा। यह परियोजना पूर्वांचल के आर्थिक विकास को भी नई गति देगी।”

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) और वाराणसी रिंग रोड को जोड़ने वाले 46.039 किलोमीटर लंबे लिंक एवं कनेक्टर कॉरिडोर को मंजूरी दी है। यह परियोजना गंगा नदी के किनारे बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराएगी।

करीब 14,447.64 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें छह-लेन एलिवेटेड मुख्य मार्ग, एक प्रतिष्ठित केबल-स्टे ब्रिज, एक्स्ट्राडोज्ड फुटओवर ब्रिज-सह-प्रमुख पुल, लूप, रैंप, लिंक रोड और सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा।

सरकार के अनुसार, यह कॉरिडोर एनएच-19 और वाराणसी रिंग रोड के बीच निर्बाध संपर्क स्थापित करेगा, जिससे शहर के सड़क नेटवर्क पर यातायात का दबाव काफी कम होगा। इस मार्ग को 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति के हिसाब से तैयार किया जाएगा।

सरकार का अनुमान है कि परियोजना के पूरा होने के बाद इस क्षेत्र में औसत यात्रा समय करीब 60 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। वहीं एनएच-19 से काशी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाला समय भी लगभग 50 मिनट से घटकर 25 मिनट हो जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।