Tuesday, August 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति शक्तिदूत 2.0’ योजना का शुभारंभ 12 अगस्त को, खिलाड़ियों को मिलने वाली...

शक्तिदूत 2.0’ योजना का शुभारंभ 12 अगस्त को, खिलाड़ियों को मिलने वाली सहायता राशि होगी दोगुनी

0
3

गांधीनगर, 11 अगस्त (आईएएनएस)। राज्य के खेल-कूद क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और वैश्विक स्तर पर देश-राज्य का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के नेतृत्व में गुजरात सरकार ने ‘शक्तिदूत योजना’ में क्रांतिकारी सुधार कर ‘शक्तिदूत 2.0’ लागू की है।

‘रमशे गुजरात, जीतशे गुजरात’ (खेलेगा गुजरात, जीतेगा गुजरात) के ध्येय मंत्र के साथ ‘शक्तिदूत 2.0’ योजना का उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के करकमलों से 12 अगस्त को महात्मा मंदिर, गांधीनगर, से राज्यव्यापी शुभारंभ किया जाएगा।

इसके अलावा, उप मुख्यमंत्री के करकमलों से 799 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण तथा राज्यभर में 388 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विभिन्न खेल परिसर-लाइब्रेरी का ई-भूमिपूजन और ई-लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार, सरदार पटेल पुरस्कार और जयदीपसिंहजी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के आशास्पद खिलाड़ियों की क्षमता को पहचानकर उन्हें आवश्यकता के अनुसार खेल सुविधाएं, पौष्टिक आहार, आधुनिक खेल संसाधन, देश-विदेश में प्रशिक्षण, विशेषज्ञ प्रशिक्षक और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराकर ओलंपिक्स और एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए चैंपियन तैयार करना है।

बता दें कि वर्ष 2015 से अब तक इस योजना के अंतर्गत खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 831 और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 773 सहित कुल 1604 पदक प्राप्त कर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

नूतन ‘शक्तिदूत 2.0’ योजना अंतर्गत खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए आर्थिक सहायता में बड़ी वृद्धि की गई है। खिलाड़ियों की आवश्यकता तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम सहायता 25 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए तक की गई है।

इसके अतिरिक्त, समावेशिता को प्राथमिकता देते हुए पैरा, डेफ, ब्लाइंड और अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों को भी योजना अंतर्गत समान अवसर एवं समान सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। योजना अंतर्गत खिलाड़ियों की संख्या में भी चरणबद्ध वृद्धि की जाएगी।

‘ग्रासरूट्स’ लेवल से ही नई प्रतिभाओं की पहचान की जा सके, इसके लिए आवेदन करने की न्यूनतम आयु सीमा भी, जो 12 से 20 वर्ष थी, उसे घटाकर 9 वर्ष से अधिक किया गया है।

नए सुधारों के अनुसार, खिलाड़ियों को प्रदर्शन के आधार पर निरंतर सहायता प्रदान की जाएगी और निश्चित समय सीमा हटा दी गई है। चयन प्रक्रिया को अधिक व्यावसायिक एवं पारदर्शी बनाने के लिए स्क्रीनिंग तथा सिलेक्शन कमेटी में खेल विशेषज्ञों की भागीदारी के साथ वैज्ञानिक पॉइंट-आधारित मार्किंग सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं को उचित प्राथमिकता दी जाएगी।

इसके अलावा, शक्तिदूत योजना में शामिल नहीं होने वाले, लेकिन वर्ष के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ‘शक्तिदूत बी’ पहल अंतर्गत तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों के वार्षिक एवं द्विवार्षिक मूल्यांकन द्वारा प्रदर्शन के आधार पर कैटेगरी अपग्रेड करने का पारदर्शी सिस्टम भी विकसित किया गया है।

खेलकूद, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 388 करोड़ रुपए से अधिक राशि के खर्च से विकासोन्मुखी प्रोजेक्ट्स का उप मुख्यमंत्री के करकमलों से लोकार्पण और शिलान्यास का भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इनमें तहसील स्तर के 11 खेल परिसर, 7 लाइब्रेरी और 2 स्टडी हॉल, जिला स्तर के 7 खेल परिसर, 5 लाइब्रेरी तथा 02 नगर पालिका लाइब्रेरी शामिल हैं।

इन योजनाओं के अंतर्गत अहमदाबाद, अमरेली, आणंद, बोटाद, दाहोद, देवभूमि द्वारका, गिर सोमनाथ, जामनगर, कच्छ, महीसागर, मेहसाणा, मोरबी, नवसारी, पाटण, पोरबंदर, सुरेन्द्रनगर, तापी, वलसाड और स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, वडोदरा सहित जिलों में जिला एवं तहसील स्तर के खेल परिसर, आधुनिक पुस्तकालय, स्टडी हॉल, स्पोर्ट्स हॉस्टल, 400 मीटर एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड तथा कैम्पस डेवलपमेंट जैसे जनहितकारी कार्यों का समावेश किया गया है।

टोक्यो में आयोजित ओलंपिक्स 2021 में तीन खिलाड़ियों, पेरिस में आयोजित ओलंपिक्स 2024 में तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ और उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया था।

दक्षिण कोरिया में आयोजित 17वें एशियन गेम्स 2014 में तीन खिलाड़ी, जकार्ता में आयोजित 18वें एशियन गेम्स 2018 में सात खिलाड़ी, चीन के हांग्जो शहर में आयोजित 19वें एशियन गेम्स 2023 में सात खिलाड़ी, एशियन विंटर गेम्स 2017 में एक खिलाड़ी और एशियन विंटर गेम्स 2025 में एक खिलाड़ी का चयन हुआ और उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया था। हाल ही में आइची, जापान में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स में वर्ष 2026 में शक्तिदूत योजना के 9 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

वर्ष 2014 में स्कॉटलैंड में आयोजित 20वीं कॉमनवेल्थ गेम्स में दो खिलाड़ी, वर्ष 2018 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित 21वीं गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में दो खिलाड़ी, वर्ष 2022 में इंग्लैंड में आयोजित 22वीं कॉमनवेल्थ गेम्स में दो खिलाड़ी और हाल ही में ग्लासगो-स्कॉटलैंड में आयोजित 23वीं कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एक खिलाड़ी का चयन हुआ और उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया था।

इस प्रकार शक्तिदूत योजना के अंतर्गत खिलाड़ियों ने वर्ष 2015 से अब तक राष्ट्रीय क्षेत्र में 831 पदक और अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में 773 पदक, इस प्रकार कुल 1604 पदक प्राप्त करके गुजरात का गौरव बढ़ाया है।

–आईएएनस

डीकेपी/