Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गुलमर्ग में गोंडोला सेवा 2 जून से फिर से शुरू होगी, 25...

गुलमर्ग में गोंडोला सेवा 2 जून से फिर से शुरू होगी, 25 मई को तकनीकी खराबी से हवा में फंसे थे 320 लोग

0
1

श्रीनगर, 31 मई (आईएएनएस)। रविवार को अधिकारियों ने जानकारी दी कि केबल कार परियोजना ‘गुलमर्ग गोंडोला’ का मंगलवार से सामान्य परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को प्रोजेक्ट का एक्सपर्ट ट्रायल रन पूरा होने के बाद सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।

गोंडोला सेवाओं के फिर से शुरू होने की खबर से पर्यटकों में खुशी का माहौल है, क्योंकि यह केबल कार प्रोजेक्ट स्की रिजॉर्ट का एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण है।

अधिकारियों की ओर से बताया गया कि मंगलवार से आम लोगों के लिए सेवाएं फिर से शुरू करने की अनुमति देने से पहले, एक्सपर्ट सोमवार को गोंडोला सिस्टम का टेस्ट ट्रायल करेंगे, ताकि इसकी ऑपरेशनल सुरक्षा और तकनीकी परफॉर्मेंस का आकलन किया जा सके। एक तकनीकी खराबी के कारण गोंडोला 1 जून तक पर्यटकों के लिए बंद रहा था; इस खराबी के चलते अधिकारियों को इसका संचालन रोकना पड़ा और मरम्मत का काम शुरू करना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि बंद रहने की इस अवधि के दौरान, 25 मई से 1 जून के बीच की यात्रा तारीखों के लिए बुक किए गए सभी टिकटों का पूरा पैसा वापस करने का आदेश दिया गया था। खराबी आने की वजह से 25 मई को 320 लोग हवा में लटकी हुई केबिनों में फंस गए थे। जिसके बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

छह घंटे तक चले इस बड़े बचाव अभियान को भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय अधिकारियों ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पहाड़ी इलाके में 65 केबिनों में यात्री फंसे हुए थे, जिनमें से कुछ केबिन जमीन से 500 फीट की ऊंचाई पर लटके हुए थे।

सभी यात्रियों को बिना किसी बड़ी चोट के बचा लिया गया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस तकनीकी खराबी के कारणों की आधिकारिक जांच के आदेश दिए थे।

माना जा रहा है कि इस बंदी के कारण कॉर्पोरेशन को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है और गुलमर्ग में पर्यटकों के सबसे ज्यादा आने वाले मौसम (पीक सीजन) के दौरान पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों पर भी बुरा असर पड़ा है।