SGSU Advertisement
Home मनोरंजन कैंसर से गुरमीत चौधरी की खास फैन मोनिका का निधन, भावुक होकर...

कैंसर से गुरमीत चौधरी की खास फैन मोनिका का निधन, भावुक होकर बोले अभिनेता-‘तुम मेरे लिए परिवार बन गई थीं’

0
7

मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। टीवी और फिल्म अभिनेता गुरमीत चौधरी ने अपनी लंबे समय से फैन रहीं मोनिका के निधन पर भावुक पोस्ट शेयर किया। मोनिका लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर से गुरमीत काफी भावुक नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखकर बताया कि वक्त के साथ वह फैन से ज्यादा परिवार का हिस्सा बन गई थीं।

गुरमीत ने अपनी पोस्ट की शुरुआत मोनिका को याद करते हुए की। उन्होंने लिखा, ”मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मुझे मोनिका के लिए ऐसा भावुक नोट लिखना पड़ेगा। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि वह इस दुनिया में नहीं हैं। उन्होंने मेरे करियर के हर छोटे-बड़े पड़ाव को हमेशा सेलिब्रेट किया। मेरे हर प्रोजेक्ट और उपलब्धि पर उनका प्यार और सपोर्ट मेरे साथ रहा।”

गुरमीत ने खास तौर पर साउथ अफ्रीका के डरबन में हुई मुलाकातों को याद किया। उन्होंने कहा, ”जब भी मैं डरबन जाता था, मोनिका मेरे साथ मौजूद रहती थीं। इसी दौरान हमारे बीच का रिश्ता इतना गहरा हो गया कि वह मेरे लिए परिवार जैसी बन गईं। एक वक्त मोनिका ने मुझे बताया था कि वह कैंसर से जूझ रही हैं। इसके बाद हमारे बीच फोन कॉल और वीडियो कॉल पर भी बातचीत होती रही। मैं उन्हें हिम्मत देता और हमेशा कहता कि वह एक फाइटर हैं और उन्हें लड़ते रहना चाहिए। मुझे भरोसा था कि सब ठीक हो जाएगा।”

उन्होंने पोस्ट में कहा, ”मोनिका अक्सर मुझसे कहती थीं कि गुरमीत आप मुझे प्रेरणा देते हैं, लेकिन सच यह है कि मोनिका खुद भी मेरे लिए ताकत का बड़ा जरिया थीं। उनका साहस, उनकी गर्मजोशी और उनका प्यार मेरे लिए शब्दों से कहीं ज्यादा मायने रखता था।”

गुरमीत ने मोनिका के साथ हुई बातचीत और मुलाकातों को याद करते हुए कहा, ”मुझे अब उनकी आवाज, हमारे बीच होने वाली बातचीत और मुलाकात के दौरान उनके चेहरे की खुशी बहुत याद आएगी। आज मेरा दिल बहुत भारी है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनके परिवार को इस मुश्किल वक्त से गुजरने की ताकत दें।”