कमजोर नतीजे और डाउनग्रेड का असर, एचसीएल टेक के शेयर 10 प्रतिशत से अधिक लुढ़के

    0
    4

    मुंबई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में बुधवार को 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसकी वजह कंपनी की ओर से वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में कमजोर नतीजे पेश करना था, जिससे कई ब्रोकर्स ने कंपनी की कमजोर आय वृद्धि को लेकर चिंता जताई, साथ ही टारगेट प्राइस में कटौती की।

    दोपहर 2:51 पर एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 10.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,288 पर था।

    निवेशकों की चिंता वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में कंपनी के कमजोर प्रदर्शन के साथ चालू वित्त वर्ष की आय वृद्धि का कमजोर अनुमान है।

    एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने वित्त वर्ष 27 में कॉस्टेंट करेंसी संदर्भ में आय में सालाना आधार पर केवल 1-4 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद जताई है।

    वित्त वर्ष 26 में कंपनी ने अपनी गाइडेंस से कमजोर प्रदर्शन किया था। इसमें कंपनी ने 3.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी। वहीं, गाइडेंस 4-4.5 प्रतिशत की थी।

    कंपनी के सर्विसेज सेगमेंट का प्रदर्शन भी कमजोर बना हुआ है। इसमें चालू वित्त वर्ष में 1.5-4.5 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है, जो कि वित्त वर्ष 26 के अनुमान से 4.8 प्रतिशत से कम है।

    वित्त वर्ष 26 की मार्च तिमाही में कंपनी की आय 3.7 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। इस दौरान कॉस्टेंट करेंसी में आय में 3.3 प्रतिशत की कमी देखी गई।

    कमजोर नतीजों के साथ शेयर को डाउनग्रेड का सामना करना पड़ा है। जेफरीज ने कमजोर रुख अपनाते हुए स्टॉक को “अंडरपरफॉर्म” श्रेणी में डाल दिया और इसके टारगेट प्राइस को घटाकर 1,165 रुपए कर दिया है।

    वहीं, सिटी ने अपनी रेटिंग “न्यूट्रल” बरकरार रखी, लेकिन कमजोर राजस्व प्रदर्शन, सौदों में कम सफलता और सौदों की बुकिंग और कर्मचारियों की संख्या में मामूली वृद्धि जैसे सुस्त भविष्य के संकेतकों का हवाला देते हुए टारगेट प्राइस को घटाकर 1,385 रुपए कर दिया।