Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ओडेसा जहाज हमले में लापता दो भारतीयों की तलाश जारी, बचाव और...

ओडेसा जहाज हमले में लापता दो भारतीयों की तलाश जारी, बचाव और तलाश में जुटे यूक्रेन-रोमानिया के संपर्क में है भारत : एमईए

0
4

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर हाल ही में हुए ‘एमवी एजीएन राग्नर’ जहाज पर हमले के बाद लापता दो भारतीय नागरिकों के परिवारों के संपर्क में है और उन्हें हरसंभव मदद दी जा रही है।

नई दिल्ली में आयोजित नियमित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यूक्रेन और रोमानिया, दोनों तरफ खोज और बचाव अभियान जारी हैं। भारत सरकार दोनों देशों के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और उम्मीद कर रही है कि लापता भारतीय चालक दल के सदस्यों का पता चल सकेगा।

जायसवाल ने कहा, “एमवी एजीएन राग्नर जहाज पर 25 जुलाई को हमला हुआ था, जब वह ओडेसा बंदरगाह से निकल रहा था। जहाज पर चालक दल के सदस्य के रूप में चार भारतीय मौजूद थे। इनमें से दो भारतीय सुरक्षित हैं। बाकी दो लापता हैं। उनकी तलाश के लिए यूक्रेन और रोमानिया, दोनों तरफ खोज और बचाव अभियान चलाया गया है। हम दोनों देशों के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि कोई सकारात्मक जानकारी मिल सके। हम लापता दो भारतीयों के परिवारों के संपर्क में भी हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।”

रविवार को यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बताया था कि 25 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह पर हमला होने के समय ‘एमवी एजीएन राग्नर’ जहाज पर चार भारतीय नागरिक मौजूद थे। इनमें से दो के सुरक्षित होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी दो भारतीयों के बारे में जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। दूतावास ने बताया कि खोज और बचाव अभियान चलाया गया और वह संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने ‘एक्‍स’ पर जारी बयान में कहा, “25 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह पर ‘एमवी एजीएन राग्नर’ जहाज पर हुए हमले के बाद भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है। जहाज पर चार भारतीय नागरिक सवार थे। जानकारी के अनुसार, दो भारतीय सुरक्षित हैं, जबकि अन्य दो के बारे में जानकारी का इंतजार है। खोज और बचाव अभियान जारी है। दूतावास संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।”

यह घटना उस घटना के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिसमें काला सागर (ब्लैक सी) से गुजर रहे एक व्यावसायिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला रूसी क्षेत्रीय जलक्षेत्र में हुआ था।