Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय मिस्र में भारतीय राजदूत ने की उप विदेश मंत्री से मुलाकात, दोनों...

मिस्र में भारतीय राजदूत ने की उप विदेश मंत्री से मुलाकात, दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

0
6

काहिरा, 30 जुलाई (आईएएनएस)। मिस्र में भारत के राजदूत सुरेश रेड्डी ने गुरुवार को मिस्र के उप विदेश मंत्री (अफ्रीकी मामलों) मोहम्मद अबू बक्र सालेह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने अफ्रीका में आपसी सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।

काहिरा स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “राजदूत सुरेश रेड्डी ने अफ्रीकी मामलों के उप विदेश मंत्री राजदूत मोहम्मद अबू बक्र सालेह से मुलाकात की। दोनों ने भारत-मिस्र रणनीतिक साझेदारी के लगातार मजबूत हो रहे संबंधों पर विचार-विमर्श किया और अफ्रीका में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा की। यह सहयोग भारत की मांग-आधारित विकास साझेदारी और अफ्रीका में मिस्र की नेतृत्वकारी भूमिका पर आधारित होगा।”

राजदूत रेड्डी ने मिस्र के उद्योग मंत्री खालिद हाशेम से भी मुलाकात की और औद्योगिक क्षेत्र में भारत-मिस्र सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

दूतावास के अनुसार, बातचीत में औद्योगिक विकास, सहयोग के ढांचे को बेहतर बनाने, निवेश को बढ़ावा देने और मिस्र में अवसर तलाश रही भारतीय कंपनियों को सहयोग देने जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया।

दूतावास ने बताया क‍ि दोनों पक्षों ने उद्योगों के बीच अधिक भागीदारी बढ़ाने, तकनीकी साझेदारी को प्रोत्साहित करने और निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के उपायों पर चर्चा की।

पिछले सप्ताह राजदूत रेड्डी ने स्वेज कैनाल इकोनॉमिक जोन अथॉरिटी के चेयरमैन (एससीजोन) वालीद गमाल एल-दीन से मुलाकात की थी। इस बैठक में भारत और मिस्र के बीच निवेश सहयोग बढ़ाने, आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने और निवेश प्रक्रियाओं को आसान बनाने के अवसरों पर चर्चा हुई।

दूतावास के मुताबिक, बैठक में एससीजोन में भारतीय कंपनियों की बढ़ती मौजूदगी पर भी बात हुई। हाल के वर्षों में भारतीय कंपनियों ने वस्त्र, रसायन, फेरो-मैंगनीज और अन्य विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश किया है, जो भारत और मिस्र के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों को दर्शाता है।

राजदूत रेड्डी ने मिस्र के श्रम मंत्री हसन रद्दाद से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कौशल विकास, श्रम कानूनों और नियामक ढांचे, तथा कार्यबल की आवाजाही जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

दूतावास ने कहा क‍ि राजदूत सुरेश रेड्डी और श्रम मंत्री हसन रादाद के बीच भारत-मिस्र सहयोग को मजबूत करने पर सार्थक बातचीत हुई। चर्चा में कौशल विकास, श्रम कानून, नियामक ढांचा और कार्यबल की गतिशीलता जैसे विषय शामिल थे। बैठक में मिस्र में काम कर रहे भारतीय व्यवसायों और कंपनियों से जुड़े मुद्दों पर भी बात हुई। दोनों देशों ने एक बेहतर और गतिशील कारोबारी माहौल को बढ़ावा देने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।