अबू धाबी में विक्रम मिस्री ने रीम अल हाशिमी से की मुलाकात, भारत-यूएई साझेदारी पर हुई चर्चा

0
7

अबू धाबी, 7 मई (आईएएनएस)। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को अबू धाबी में यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग मामलों की राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत-यूएई के व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पूरे दायरे की समीक्षा की और आगे सहयोग बढ़ाने के नए क्षेत्रों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया, “विदेश सचिव ने गुरुवार को अबू धाबी में यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग मामलों की राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पूरे दायरे की समीक्षा की और आगे सहयोग के संभावित क्षेत्रों की पहचान की। उन्होंने मौजूदा क्षेत्रीय स्थिति और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की, जो दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण हैं।”

इससे पहले इसी हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फुजैरा (यूएई) में हुए हमले की कड़ी निंदा की थी, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए थे। उन्होंने कहा कि आम लोगों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना ‘अस्वीकार्य’ है।

पीएम मोदी ने यूएई के साथ भारत की एकजुटता जताई और कहा कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति से शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्ट कर लिखा, “यूएई पर हुए हमलों की मैं कड़ी निंदा करता हूं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। आम नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बिल्कुल अस्वीकार्य है। भारत, यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है और सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता है। होर्मुज स्‍ट्रेट से सुरक्षित और बिना रुकावट आवाजाही क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।”

यह बयान ऐसे समय आया है जब सोमवार को फुजैरा में हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए थे। यूएई ने इन हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। भारतीय दूतावास ने भी कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है, ताकि घायलों को सही इलाज और मदद मिल सके।

यूएई के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें ‘ईरान की ओर से बिना उकसावे के की गई नई आक्रामक कार्रवाई’ बताया। मंत्रालय ने कहा कि ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों की वजह से नागरिक इलाकों और सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है और तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।