Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय कोलकाता होटल अग्निकांड: बांग्लादेशी नागरिकों की मौत पर भारत ने हरसंभव मदद...

कोलकाता होटल अग्निकांड: बांग्लादेशी नागरिकों की मौत पर भारत ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

0
1

ढाका, 20 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के एक होटल में आग लगने से बांग्लादेशी नागरिकों की मौत के मामले में भारत ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को कहा कि नई दिल्ली इस मामले में जो भी जरूरी कदम होगा, वह उठाएगी।

ढाका सचिवालय में बांग्लादेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सखावत हुसैन से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में त्रिवेदी ने कहा, “यह बहुत दुखद है। हम निश्चित रूप से जो भी जरूरी होगा, वह करेंगे।”

हालांकि, बांग्लादेशी मीडिया संस्थान यूएनबी के अनुसार, सखावत हुसैन ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया और कहा कि भारत में बांग्लादेशी नागरिकों की मौत का मुद्दा बैठक में चर्चा का विषय नहीं था।

दरअसल, मध्य कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई थी। हादसे में एक बच्चे और दो महिलाओं समेत कुल नौ लोगों की मौत हो गई।

कोलकाता पुलिस ने गुरुवार को आग में मारे गए सभी नौ लोगों की पहचान सार्वजनिक कर दी। मृतकों में सात बांग्लादेशी नागरिक, झारखंड के गिरिडीह का एक व्यक्ति और उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी का एक व्यक्ति शामिल है।

पुलिस ने मृत सात बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट नंबर भी जारी किए हैं। मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

मृतकों में चार एक ही परिवार के थे। इनमें 39 वर्षीय देबाशीष दत्ता, उनकी 27 वर्षीय पत्नी अफसाना शिरमीन, उनका छोटा बेटा स्वर्णाशीष दत्ता और अफसाना के 74 वर्षीय पिता मोहम्मद अकरम अली शामिल हैं। यह परिवार बांग्लादेश के कुश्तिया जिले का रहने वाला था और अकरम के इलाज के लिए कोलकाता आया था।

पांचवें बांग्लादेशी मृतक की पहचान ढाका निवासी 37 वर्षीय बाबू अहमद के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों में कालीगंज निवासी रेबती सरकार और एम. अलीमुज्जमां शामिल हैं। पुलिस ने उनकी उम्र की जानकारी जारी नहीं की है।

स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को परिजनों के हवाले से बताया कि अलीमुज्जमां और रेबती इलाज के लिए कोलकाता आए थे और होटल में लगी आग में उनकी मौत हो गई।

इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को होटल अग्निकांड को लेकर पिछली ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हादसे को पिछली सरकार की लगातार लापरवाही और उदासीनता का नतीजा बताया।

वहीं, भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को बांग्लादेश के वित्त मंत्री आमिर खुसरो महमूद चौधरी से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग और द्विपक्षीय विकास परियोजनाओं सहित आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उच्चायुक्त ने वित्त एवं योजना मंत्री से शिष्टाचार भेंट की और भारत-बांग्लादेश के बीच आर्थिक सहयोग तथा द्विपक्षीय विकास परियोजनाओं पर चर्चा की।