Saturday, July 4, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय तेहरान में भारत ने ईरान के द‍िवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई को...

तेहरान में भारत ने ईरान के द‍िवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई को दी श्रद्धांजलि

0
4

तेहरान, 4 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने ईरान के द‍िवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत की ओर से श्रद्धांजलि दी।

विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मैंने तेहरान में अयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। हमने भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि दी।”

खामेनेई की मौत 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के एक बड़े हमले में हुई थी, जिससे ईरान में 46 साल से चल रहे शिया-धार्मिक शासन में बड़ा बदलाव आ गया। मार्च में उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया।

भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान भारत का उच्च-स्तरीय प्रतिनिधित्व दोनों देशों के बीच मजबूत सभ्यतागत संबंधों को दिखाता है। इससे लोगों के बीच संबंध और राजनीतिक व आर्थिक सहयोग को और मजबूती मिलती है।

विदाई समारोह 4 और 5 जुलाई को तेहरान के इमाम खुमैनी की मोसल्ला प्रार्थना हॉल में होंगे। इसके बाद 6 जुलाई को तेहरान में अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम होंगे।

सात जुलाई को ईरान के कोम शहर में भी एक और अंतिम यात्रा निकलेगी।

तस्नीम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अंतिम समारोह नौ जुलाई को मशहद में होगा और फिर उन्हें इमाम रजा के पवित्र दरगाह में दफनाया जाएगा।

पांच मार्च को भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नई दिल्ली में ईरान के दूतावास जाकर संवेदना पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए थे और अयातुल्लाह अली खामेनेई के निधन पर भारत सरकार की ओर से शोक व्यक्त किया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्‍स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि विदेश सचिव ने ईरानी दूतावास जाकर भारत सरकार और जनता की ओर से संवेदना व्यक्त की।