कोलंबो, 1 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट ने भारत के दौरे के लिए कार्यक्रम में बदलाव करते हुए दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले होने वाले अभ्यास मैच की अवधि एक दिन कम कर दी है।
पहले यह मैच चार दिन का तय था, लेकिन अब यह तीन दिवसीय वार्म-अप मैच होगा।
श्रीलंका क्रिकेट ने शनिवार को एक बयान में कहा, “टीम इंडिया निर्धारित चार दिवसीय मैच के बजाय अब 3 दिन का वार्म-अप गेम खेलेगी। यह मैच 7 अगस्त से कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड्स पर शुरू होगा।”
बयान के अनुसार भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका पहुंचेगी।
पहला टेस्ट गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 15 से 19 अगस्त तक खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच कोलंबो के सिंघलीज स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में 23 से 27 अगस्त तक होगा।
बयान में यह नहीं बताया गया कि मैच की अवधि एक दिन क्यों कम की गई या यह बदलाव किस बोर्ड के प्रस्ताव पर हुआ।
इससे पहले बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी।
ऑफस्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी नवंबर 2025 के बाद पहली बार टेस्ट सेटअप में लौटे हैं।
भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद टेस्ट टीम में वापस आए हैं। हालांकि बीसीसीआई ने कहा कि इंग्लैंड में हालिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में चोट लगने के बाद उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।
जडेजा आईपीएल 2026 सीजन के बाद टेनिस एल्बो की चोट के कारण बाहर थे। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर लॉर्ड्स वनडे में दाहिने हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हैं, इसलिए वह पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इसी वजह से सारांश जैन को मौका मिला है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट के लिए भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल [विकेटकीपर], रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।

