Friday, August 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय भारतीय एनसीसी प्रतिनिधिमंडल ने वियतनाम में प्रेसिडेंशियल पैलेस का किया दौरा, हो...

भारतीय एनसीसी प्रतिनिधिमंडल ने वियतनाम में प्रेसिडेंशियल पैलेस का किया दौरा, हो ची मिन्ह को दी श्रद्धांजलि

0
7

हनोई, 13 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को हनोई में प्रेसिडेंशियल पैलेस और वियतनाम के पहले राष्ट्रपति हो ची मिन्ह के समाधि स्थल का दौरा किया। एनसीसी का प्रतिनिधिमंडल अभी एनुअल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत वियतनाम के दौरे पर है।

वितनाम में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारतीय कैडेट कोर का वियतनाम दौरा और आदान-प्रदान: भारतीय कैडेट कोर के प्रतिनिधिमंडल ने वियतनाम के हनोई दौरे के दौरान पहले राष्ट्रपति हो ची मिन्ह के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की, पुष्पांजलि दी और वियतनाम के लोकप्रिय नेता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन का दौरा किया और वियतनाम के समृद्ध इतिहास और विरासत के बारे में जानकारी ली।”

दूतावास के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने हनोई चिल्ड्रन पैलेस का भी दौरा किया, जहां उन्होंने पैलेस के निदेशक के साथ वहां की गतिविधियों, कार्यों और युवा पीढ़ी के पालन-पोषण व शिक्षा में पैलेस की भूमिका को लेकर बातचीत की।

भारतीय दूतावास ने बताया कि दिन के अंत में प्रतिनिधिमंडल वियतनाम मिलिट्री हिस्ट्री म्यूजियम गया, जहां कैडेट्स ने वियतनाम की गौरवशाली सैन्य यात्रा और इतिहास के बारे में जाना। यह दिन कृतज्ञता, सीख, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अनुभवों से भरा रहा, जिससे भारतीय और वियतनामी युवाओं के बीच मित्रता और मजबूत हुई।

इससे पहले बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने हनोई स्थित भारतीय दूतावास का भी दौरा किया और राजदूत त्सेरिंग डब्ल्यू शेरपा से मुलाकात की।

इससे पहले दूतावास ने कहा था, “भारत-वियतनाम रक्षा सहयोग। भारत से राष्ट्रीय कैडेट कोर का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल एनुअल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत वियतनाम का दौरा कर रहा है। हनोई स्थित भारतीय दूतावास में अपने दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राजदूत त्सेरिंग डब्ल्यू. शेरपा से बातचीत की। राजदूत ने भारत और वियतनाम के बीच बहुआयामी, दूरदर्शी संबंधों के बारे में जानकारी दी, जिसमें तेजी से बढ़ता और मजबूत होता रक्षा सहयोग भी शामिल है।”

दूतावास ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल हनोई और न्हा ट्रांग में रक्षा, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्थानों का भी दौरा करेगा, जिससे दोनों देशों के युवाओं के बीच समझ और मित्रता को बढ़ावा मिलेगा। दूतावास ने इस बात पर जोर दिया कि यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम और वियतनाम के बीच व्यापक जन-जन संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।