90 की उम्र तक फिट रहना ही असली सुपरहीरो बनना है : जैकी श्रॉफ

0
7

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के सीनियर अभिनेता जैकी श्रॉफ एक बार फिर अपनी आने वाली फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का नाम जितना अलग है, उतनी ही इसकी कहानी भी एक नए और दिलचस्प अंदाज में पेश की जा रही है।

आमतौर पर सुपरहीरो वाली फिल्मों में ताकत, उडान और लड़ाई जैसे सीन्स देखने को मिलते हैं, लेकिन इस बार सुपरहीरो का मतलब लंबी उम्र तक फिट और खुशहाल तरीके से जीने को बताया गया है। इसी सोच को लेकर जैकी श्रॉफ ने फिल्म के प्रमोशन के दौरान अपने विचार साझा किए।

जैकी श्रॉफ ने कहा, “अगर कोई इंसान 80 या 90 साल की उम्र तक भी फिट, एक्टिव और मानसिक रूप से मजबूत रहता है, तो वही असली सुपरहीरो है। सुपरहीरो होने का मतलब सिर्फ स्क्रीन पर हीरो बनना नहीं है, बल्कि असल जिंदगी में खुद को इतना मजबूत बनाए रखना है कि उम्र भी आपको रोक न सके।”

उन्होंने कहा, ”बच्चों की कल्पना और उनके सपनों को हमेशा सबसे पहले रखा जाना चाहिए, क्योंकि वही भविष्य की दिशा तय करते हैं। फिल्म भी इसी सोच के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहां बच्चों की दुनिया और उनकी कल्पना को अहमियत दी गई है।”

यह फिल्म जी स्टूडियोज और आमदावाद फिल्म्स के बैनर तले बनाई गई है। मेकर्स ने इस प्रोजेक्ट को एक ऐसी कहानी के रूप में पेश किया है, जो परिवार, भावनाओं और कल्पना को एक साथ जोड़ती है। फिल्म का मकसद दर्शकों को एक नई सोच देना है, जिसमें उम्र को कमजोरी नहीं बल्कि एक अनुभव के रूप में दिखाया गया है।

हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज किया गया, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। टीजर में एक बच्चे की कल्पना की दुनिया को दिखाया गया है, जहां उसका अपने दादाजी के साथ रिश्ता एक जादुई और रोमांचक सफर की तरह होता है। कहानी में एलियंस और फैंटेसी जैसी चीजें भी शामिल हैं।

फिल्म में जैकी श्रॉफ ऐसे दादाजी के किरदार में है, जो अपने पोते की कल्पना की दुनिया में पूरी तरह शामिल हो जाते है।

इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मनीष सैनी ने किया है। उन्होंने कहानी को एक नई सोच के साथ पेश करने की कोशिश की है, जिसमें बच्चों की कल्पना, परिवार का प्यार और जीवन की सच्चाइयों को एक साथ जोड़ा गया है।

फिल्म में प्रतीक स्मिता पाटिल, भाग्यश्री दसानी, शरद सक्सेना, मिहिर गोडबोले, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, शिवांश चोरघे और कुमार सौरभ जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ फिल्म 29 मई को रिलीज होगी।