बेरूत, 19 सितंबर (आईएएनएस)। लेबनान में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत रन 2026’ में लेबनान की युवा एवं खेल मंत्री डॉ. नोरा बायराकदारियन और सांसद अदीब अब्देल मसीह शामिल हुए। भारतीय दूतावास ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
भारतीय दूतावास ने एक्स पर बताया कि सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) के तहत 18 सितंबर को बेरूत में ‘विकसित भारत रन 2026’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय समुदाय के सदस्यों के लिए 800 मीटर दौड़ आयोजित की गई, जिसमें 200 से अधिक प्रवासी भारतीयों ने हिस्सा लिया।
दूतावास ने बताया कि लेबनान के युवा एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित लेबनीज वीक ऑफ स्पोर्ट्स के तहत भारतीय दूतावास ने टेबल टेनिस टूर्नामेंट और विभिन्न एथलेटिक प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया।
इससे पहले गुरुवार को लेबनान में भारत के राजदूत नूर रहमान शेख ने भारत सरकार की क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स पहल के तहत जेज़ीन नगर पालिका के मेयर डेविड हेलो को भारत में निर्मित पांच मोटरसाइकिलें भेंट कीं।
दूतावास के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदायों को सहयोग देना और नगर पालिका सेवाओं को मजबूत करना है। इस अवसर पर राजदूत नूर रहमान शेख ने कहा कि भारत व्यावहारिक और जनकेंद्रित पहलों के माध्यम से लेबनान के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने तथा सामुदायिक विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बुधवार को भारतीय दूतावास ने आईटेक दिवस 2026 भी मनाया। इस कार्यक्रम में लेबनान के उद्योग मंत्री जोसेफ एल खौरी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में सिविल सर्विस बोर्ड की अध्यक्ष निसरीन मचमूची, विदेश मंत्रालय की आर्थिक मामलों की निदेशक राजदूत राना मुकद्दम, विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और आईटेक पूर्व छात्र भी शामिल हुए।
