चेन्नई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनावों के नतीजे शुक्रवार को जारी किए जाएंगे। ये नतीजे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ सरकार की शुरुआती चुनावी परीक्षा के तौर देखे जाएंगे।
शुक्रवार सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी और उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में दर्ज वोटों की गिनती की जाएगी। अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित इन दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। इन दोनों सीटों के लिए सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के बड़े नेताओं की ओर से जोरदार चुनाव प्रचार किया गया था।
यह उपचुनाव टीवीके के लिए काफी अहम है। टीवीके विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सत्ता में आई थी। उसके पास अभी पूर्ण बहुमत नहीं है। अगर इन दोनों प्रत्याशियों की जीत होती है तो टीवीके की स्थिति मजबूत हो जाएगी। वहीं, अगर टीवीके प्रत्याशियों की हार होती है तो विपक्षी पार्टियों को सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल जाएगा।
टीवीके प्रत्याशियों के प्रचार की कमान मुख्यमंत्री विजय ने संभाली जबकि डीएमके अध्यक्ष एम.के, स्टालिन और उदयनिधि और एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था।
टीवीके के दोनों उम्मीदवार विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके के टिकट पर ये सीटें जीते थे, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी बदल ली। उनकी उम्मीदवारी ने इस मुकाबले को एक व्यक्तिगत मोड़ पर ला दिया है। अब उन प्रत्याशियों की भी परीक्षा है, जिन्होंने पार्टी बदलकर चुनाव लड़ा है।
कम वोटिंग से राजनीतिक पार्टियों की चिंता बढ़ गई है; ऐसे अब देखना है कि इसका नतीजों पर क्या असर पड़ सकता है? हालांकि, सिर्फ वोटिंग के आंकड़ों से यह पता नहीं चल सकता कि किस पार्टी को फायदा होगा या क्या युवा वोटर्स बड़ी संख्या में वोट देने नहीं आए।
