Monday, July 27, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘मुझको राणाजी माफ करना’ के नए वर्जन में दिखीं माहिरा शर्मा, बोलीं-आइकॉनिक...

‘मुझको राणाजी माफ करना’ के नए वर्जन में दिखीं माहिरा शर्मा, बोलीं-आइकॉनिक गाने को रीक्रिएट करना आसान नहीं होता

0
6

मुंबई, 27 जुलाई (आईएएनएस)। 90 के दशक के कई गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं। इनमें से एक है फिल्म ‘करण अर्जुन’ का मशहूर गीत ‘मुझको राणाजी माफ करना’, जिसने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। अब इस सदाबहार गाने को नए अंदाज में ‘राणाजी 2.0’ के नाम से पेश किया गया है।

नए वर्जन में अभिनेत्री माहिरा शर्मा नजर आ रही हैं। इस पर माहिरा का कहना है कि इतने लोकप्रिय गाने को रीक्रिएट करना उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि दर्शकों की उम्मीदें पहले से ही बहुत बड़ी थीं।

माहिरा शर्मा ने कहा, ”जब आप किसी आइकॉनिक गाने से जुड़ते हैं तो थोड़ा दबाव जरूर होता है, क्योंकि उन गानों से लोगों की पुरानी यादें जुड़ी होती हैं। मेरी कोशिश रही कि मैं अपनी अलग एनर्जी लेकर आऊं, लेकिन गाने की असली पहचान और एहसास को भी बरकरार रखूं।”

उन्होंने कहा, ”’राणाजी 2.0′ की म्यूजिक, कोरियोग्राफी और वीडियो का पूरा लुक मिलकर एक नया अनुभव देता है। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह पूरी टीम ने इस गाने को बनाते समय आनंद लिया, उसी तरह दर्शक भी इसे देखकर खूब पसंद करेंगे।”

इस गाने की कोरियोग्राफी मशहूर डांस डायरेक्टर रेमो डिसूजा ने की है। उन्होंने कहा, ”समय के साथ डांस का अंदाज काफी बदल गया है और यही बात ‘राणाजी 2.0’ को खास बनाती है। हमारी कोशिश थी कि गाने के विजुअल्स नए और मनोरंजक हों, लेकिन उसकी पुरानी पहचान भी बनी रहे। हम चाहते थे कि जिन्होंने सालों से इस गाने को पसंद किया है और जो पहली बार इसे सुन रहे हैं, दोनों ही इसे देखने का आनंद लें।”

वहीं, संगीतकार तनिष्क बागची ने कहा, ”किसी क्लासिक गाने को नए रूप में तैयार करना आसान नहीं होता। जब किसी पुराने लोकप्रिय गाने पर काम करते हैं तो सबसे बड़ी जिम्मेदारी उसकी एहसास को सुरक्षित रखना होता है। इस गाने की धुन और आवाज की अपनी अलग विरासत है। मेरा पूरा ध्यान इसे नया साउंड देने पर था, लेकिन इस तरह कि लोगों को वही पुरानी यादें भी महसूस हों। मैं चाहता था कि यह आज के दौर के हिसाब से भी ताजा लगे और साथ ही लोगों को याद दिलाए कि यह गाना आखिर इतना क्लासिक क्यों बना।”

‘राणाजी 2.0’ को टिप्स म्यूजिक ने रिलीज किया है। इस नए वर्जन में इला अरुण और अलका याज्ञनिक की आवाज को बरकरार रखा गया है। यह गाना आधुनिक संगीत और पुराने जादू का मेल बनकर सामने आया है।

‘मुझको राणाजी माफ करना’ साल 1995 में आई सुपरहिट फिल्म ‘करण अर्जुन’ का हिस्सा था। इस फिल्म में शाहरुख खान, सलमान खान, राखी, काजोल और ममता कुलकर्णी जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म की तरह इसके गाने भी जबरदस्त हिट हुए थे। खास तौर पर ममता कुलकर्णी पर फिल्माया गया यह गीत आज भी 90 के दशक के सबसे यादगार गानों में गिना जाता है।