SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पश्चिम बंगाल: पांच जिलों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की...

पश्चिम बंगाल: पांच जिलों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की आशंका, पश्चिमी बर्दवान और बीरभूम में अलर्ट जारी

0
2

कोलकाता, 31 अगस्त (आईएएनएस)। आईएमडी की ओर से पश्चिम बंगाल के पांच जिलों में अगले 24 घंटों में दक्षिण बंगाल के पांच जिलों भारी बारिश की आशंका जताई गई है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हो रहा है, जिसकी वजह से मंगलवार को दो और जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो गया है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इस सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है, जबकि एक सक्रिय मॉनसून ट्रफ अभी पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। अगले कुछ दिनों तक राज्य भर में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है।

सोमवार को पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया और बांकुरा जिलों में भारी बारिश की आशंका है। मंगलवार को पश्चिमी बर्दवान और बीरभूम जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं आंधी-तूफान का पूर्वानुमान है। इस दौरान कोलकाता में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बुधवार से बारिश की तीव्रता कम होने की उम्मीद है, और उसके बाद दक्षिण बंगाल के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी नहीं है।

मौसम विभाग की ओर से समुद्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी की गई है। कुछ जगहों पर हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। मछुआरों को सोमवार तक पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बांग्लादेश के तटीय इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।

वहीं, उत्तर बंगाल में भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में बुधवार तक भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में गुरुवार को भी बारिश का अलर्ट रहेगा। उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।