SGSU Advertisement
Home स्वास्थ्य नैटको फार्मा का दूसरी तिमाही में मुनाफा 61 प्रतिशत घटकर 203 करोड़...

नैटको फार्मा का दूसरी तिमाही में मुनाफा 61 प्रतिशत घटकर 203 करोड़ रुपए रहा

0
1

मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। नैटको फार्मा ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे पेश किए। इस अवधि में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 60.8 प्रतिशत घटकर 203 करोड़ रुपए हो गया है। पिछले वर्ष समान अवधि में कंपनी को 518 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।

एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में कंपनी के परिचालन से होने वाले राजस्व में भी भारी गिरावट आई है। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि के 1,363 करोड़ रुपए से 29 प्रतिशत घटकर 967 करोड़ रुपए रह गया है।

परिचालन स्तर पर नैटको फार्मा की ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (ईबीआईटीडीए) 55.4 प्रतिशत गिरकर 258.3 करोड़ रुपए रह गया है, जो एक साल पहले 579 करोड़ रुपए था।

समीक्षाधीन तिमाही में ईबीआईटीडीए मार्जिन घटकर 26.7 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष के 42.5 प्रतिशत मार्जिन से 15.80 प्रतिशत कम है।

कंपनी की रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, अन्य आय में भी गिरावट आई है। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि के 100 करोड़ रुपए के मुकाबले घटकर 52 करोड़ रुपए रह गई है।

इसके अतिरिक्त कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अपनी बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2 रुपए अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 1.25 रुपए (62.50 प्रतिशत) का दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है।

कंपनी ने बताया, “दूसरे अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के लिए पात्र शेयरधारकों की पहचान करने के लिए ‘रिकॉर्ड डेट’ गुरुवार, 19 नवंबर, 2026 तय की गई है। इस अंतरिम डिविडेंड का भुगतान 27 नवंबर, 2026 से शुरू होगा।”

नतीजों के बाद नैटको फार्मा के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर मामूली गिरावट के साथ 808 रुपए पर बंद हुए। हालांकि, शेयर ने बीते एक साल में 2.39 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। वहीं, बीते छह महीने में शेयर में 30 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है।