नेपाल: प्रधानमंत्री शाह समेत तमाम नेताओं ने नए साल 2083 की दी शुभकामनाएं

0
5

काठमांडू, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल मंगलवार को नया साल बिक्रम संवत 2083 मना रहा है, देश के बड़े नेताओं ने देश के लिए शांति और खुशहाली की कामना की है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने देशवासियों को नववर्ष की बधाई देते हुए समृद्धि की कामना की है।

दूसरे कई देशों के उलट, नेपाल की सरकारी और निजी संस्थाएं बिक्रम संवत कैलेंडर के आधार पर अपने काम करती हैं, और नए साल का पहला दिन आमतौर पर अप्रैल के बीच में आता है।

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर बधाई देने के लिए वैदिक मंत्र का उपयोग किया। उन्होंने लिखा- सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग् भवेत्॥

फिर इसका अर्थ समझाते हुए लिखा, “हमारे जीवन में सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो। आप सदैव मंगलमय रहें, बाधाओं से मुक्त हों और दुखों को हरने वाले बनें। नववर्ष 2083 के शुभारंभ के इस शुभ अवसर पर, मैं आप सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करता हूं।

राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने शांति, खुशहाली, अच्छी सेहत और खुशी की कामना की, और नेपालियों से अतीत को देखने और भविष्य में तरक्की के लिए संकल्प लेने की अपील की। अपने संदेश में, उन्होंने हाल ही में प्रतिनिधि सभा के नतीजों की ओर ध्यान दिलाने की कोशिश की, जिससे उनके मुताबिक, देश जिस मुश्किल हालात का सामना कर रहा था, उससे बाहर निकलने का रास्ता मिला।

पिछले साल सितंबर की शुरुआत में जेन जी विद्रोह के बाद से देश एक अनिश्चित भविष्य का सामना कर रहा था। 5 मार्च को हुए चुनावों ने एक नई राजनीतिक ताकत, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी को राज्य के मामलों की ड्राइविंग सीट पर ला खड़ा किया, और एक नए नेता, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सरकार की कमान संभाली।

राष्ट्रपति पौडेल ने कहा, “प्रतिनिधि सभा चुनाव के जरिए, लोगों ने कानून के राज, स्थायी शांति, सुशासन और सामाजिक न्याय के लिए जनादेश दिया, जिससे फेडरल डेमोक्रेटिक रिपब्लिक मजबूत होगा।”

उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव ने भी शुभकामनाएं दीं, और नेपालियों से नए साल में सकारात्मक सोच, अनुशासन और भाईचारा बढ़ाने की अपील की। इसके साथ ही अर्थव्यवस्था, पब्लिक हेल्थ, पर्यावरण संरक्षण और क्लाइमेट चेंज की चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर संकल्प लेने की जरूरत पर जोर दिया।

साल 2082 बिक्रम संवत पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के लिए कुछ खास अच्छा नहीं रहा, क्योंकि उन्हें न केवल सत्ता से बेदखल कर दिया गया था, बल्कि उनकी पार्टी—कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट) या सीपीएन (यूएमएल)—ने भी 5 मार्च के चुनावों में खराब प्रदर्शन किया। फिर उन पर जेन जी आंदोलन के दौरान कथित हत्या का आरोप लगा और हिरासत में ले लिया गया था। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में जांच का सामना कर रहे ओली ने फेसबुक के जरिए सभी को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने लिखा, “सफलता या असफलता, अवसर या चुनौती, कमजोरियां या उपलब्धियां—2082 अब इतिहास बन चुका है। अतीत के सबक पर विचार करते हुए और भविष्य की ओर देखते हुए, कामना है कि नया वर्ष 2083, एक सुरक्षित और समृद्ध नेपाल के लिए ‘अनुभवी तजुर्बे’ और ‘युवा ऊर्जा’ के बीच एक सार्थक तालमेल स्थापित करे।”

सोमवार को, नेपाल के पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र शाह ने भी नेपाली जनता के लिए एक संदेश जारी किया। उन्होंने नेपाल द्वारा पिछले कई वर्षों में अनुभव की गई अस्थिरता की ओर ध्यान दिलाया, जिसने देश को समृद्धि के मामले में पीछे धकेल दिया है।

पूर्व नरेश ने कहा, “हम लगातार प्रयोगों और विकल्पों की तलाश में लगे रहे। नतीजतन, हमारा देश महज एक प्रयोगशाला बनकर रह गया है।” उनका ये बयान राजशाही से गणतंत्र और एकात्मक से संघीय व्यवस्था में हुए बदलावों की ओर इशारा था।

5 मार्च के चुनावों के बाद नेपाल की राजनीति में युवा पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी को भी उन्होंने सराहा, क्योंकि देश की विधायी संस्था—प्रतिनिधि सभा—में बड़ी संख्या में युवा सांसद देखने को मिले हैं।

उन्होंने कहा, “राजनीति और राज-काज के मामलों में युवा पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी देखना उत्साहजनक है। हमारा मानना ​​है कि शिक्षित, जानकार, तकनीकी रूप से कुशल और उत्साही लोगों की भागीदारी राष्ट्र-निर्माण में सकारात्मक योगदान देगी।”