सिडनी, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में शनिवार सुबह सिडनी के उत्तर में एक तेज रफ्तार कार लोगों की भीड़ में घुस गई। हादसे में नौ लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर बड़े पैमाने पर इमरजेंसी सेवाओं को तैनात किया गया।
पुलिस ने बताया कि शनिवार स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9:30 बजे सिडनी से लगभग 110 किलोमीटर उत्तर में स्थित न्यूकैसल शहर में एक वाहन के भीड़ में मौजूद लोगों को टक्कर मारने की सूचना मिली। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना के बाद पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं।
सिडनी के अखबार ‘द डेली टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना में कुल नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है और पांच को मामूली चोट आई हैं।
अखबार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों में एक नवजात बच्ची शामिल है जिसे दिल का दौरा पड़ा और एक व्यक्ति जिसके पैरों में कई फ्रैक्चर हुए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुलिस ने कार के ड्राइवर को घटनास्थल पर ही गिरफ्तार कर लिया।
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) के मुताबिक, लोग स्थानीय रग्बी टीम न्यूकैसल नाइट्स को विदाई देने के लिए जमा हुए थे। टीम रविवार रात होने वाले नेशनल रग्बी लीग ग्रैंड फाइनल में खेलने के लिए सिडनी जा रही थी।
न्यूकैसल के मेयर गैविन मॉरिस ने ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन टेलीविजन को बताया कि ड्राइवर टीम का समर्थक था और गाड़ी पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और वह भीड़ में घुस गई। मेरा मानना है कि लगभग नौ लोग घायल हुए, जिनमें दुखद रूप से बच्चे भी शामिल हैं।
न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों और दोस्तों के साथ हैं, जो इस हादसे का शिकार हुए हैं या इसमें घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि हमने देखा है कि इस ग्रैंड फाइनल ने न्यूकैसल को किस तरह एकजुट किया है। मुझे उम्मीद है कि इस घटना से निपटने के दौरान पूरा समुदाय एकजुट रहेगा। न्यूकैसल नाइट्स ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि एक बड़ी घटना की वजह से टीम की बस का तय रास्ता बदल दिया गया था।
