Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बिना सहमति के बागी गुट में जोड़ा गया मेरा नाम, मैंने नहीं...

बिना सहमति के बागी गुट में जोड़ा गया मेरा नाम, मैंने नहीं किए कोई हस्ताक्षर : प्रतिमा मंडल

0
3

कोलकाता, 11 जून (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद प्रतिमा मंडल ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि वह पार्टी के भीतर बन रहे एक बागी गुट का हिस्सा हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का समर्थन करने जा रही हैं।

टीएमसी सांसद प्रतिमा मंडल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि वह किसी भी नए गुट का हिस्सा नहीं हैं और उनकी जानकारी या सहमति के बिना उनका नाम इस कथित समूह में शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा, “मैं उस नए गुट का हिस्सा नहीं हूं, जिसकी चर्चा कुछ टीएमसी सांसदों द्वारा की जा रही है। मुझे नहीं पता कि मेरा नाम इसमें क्यों जोड़ा जा रहा है। मैंने किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं और न ही मेरा उस समूह से कोई संबंध है।”

टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दिल्ली यात्रा पर बोलते हुए प्रतिमा मंडल ने कहा कि उन्होंने विपक्षी इंडी अलायंस के नेताओं से मुलाकात की थी।

उन्होंने कहा, “ममता दीदी दिल्ली गई थीं और उन्होंने सोनिया गांधी सहित विपक्ष के कई नेताओं से मुलाकात की। विपक्ष एकजुट है और केंद्र सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा। बैठक के बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने भी चर्चा की है।”

राष्ट्रीय राजनीति में ममता बनर्जी की भूमिका पर प्रतिमा मंडल ने कहा कि यदि वह विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए बड़ी भूमिका निभाती हैं तो विपक्ष को भविष्य में फायदा होगा। मेरा मानना है कि यदि ममता बनर्जी आगे बढ़कर नेतृत्व की बड़ी भूमिका निभाती हैं तो विपक्ष की स्थिति मजबूत होगी। जनता भी यही चाहती है।

कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच संभावित नजदीकियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का राजनीतिक सफर कांग्रेस से ही शुरू हुआ था। ममता बनर्जी पहले कांग्रेस में थीं और बाद में उन्होंने अपनी पार्टी बनाई। यदि कभी वह कांग्रेस में विलय का फैसला करती हैं तो इसे सकारात्मक कदम माना जाएगा।