Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ढाका: प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, 100 से...

ढाका: प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, 100 से ज्यादा घायल

0
5

ढाका, 1 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार सुबह हिंसक झड़प में 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस्लामिक बैंक मुख्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार (वाटर कैनन), आंसू गैस और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया था।

यह प्रदर्शन इस्लामिक बैंक के असंतुष्ट ग्राहकों के समन्वय परिषद और इस्लामिक बैंक ग्राहक फोरम के बैनर तले आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारी बैंक के नए चेयरमैन के रूप में पूर्व केंद्रीय बैंक के डिप्टी गवर्नर मोहम्मद खुर्शीद आलम की नियुक्ति का विरोध कर रहे थे। उनका कहना था कि यह नियुक्ति “विवादास्पद” है और उन्हें किसी भी हालत में बैंक में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

बांग्लादेश के प्रमुख दैनिक यूएनबी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया और बैंक के नए चेयरमैन के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। साथ ही, उन्होंने हाल ही में अवकाश पर भेजे गए प्रबंध निदेशक उमर फारूक खान की बहाली की मांग भी की।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब पुलिस ने भारी बल के साथ प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख सड़कों को अवरुद्ध कर दिया था, जिससे यातायात बुपर असर पड़ा। पुलिस पर पत्थरबाजी भी की गई, जिसमें 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों की रैली की अनुमति नहीं दी गई थी और स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर ही बल प्रयोग किया गया। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए इस आरोप को खारिज कर दिया कि गोली चलाई गई थी।

प्रदर्शन के आयोजकों ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे “अकारण और अत्यधिक बल प्रयोग” बताया और कहा कि वे अपने जमा धन की सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने बैंक में कथित वित्तीय संकट का भी आरोप लगाया और केंद्रीय बैंक से नए चेयरमैन की नियुक्ति रद्द करने की मांग की।

फिलहाल घायल लोगों का इलाज ढाका के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।