SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पाकिस्तान में भारी बारिश से तबाही, 7 साल के बच्चे की मौत;...

पाकिस्तान में भारी बारिश से तबाही, 7 साल के बच्चे की मौत; चार घायल

0
5

इस्लामाबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मर्दान जिले में बारिश के कारण एक मकान की छत गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, बिजली आपूर्ति बाधित होने और फसलों को नुकसान की घटनाएं सामने आई हैं।

रेस्क्यू 1122 के अनुसार, मर्दान जिले में भारी बारिश के चलते एक मकान की छत ढह गई। हादसे में सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और नाबालिग बहन घायल हो गईं। पाकिस्तान के अखबार डॉन के अनुसार, मर्दान के बाला घरी इलाके में इसी तरह की एक अन्य घटना में घायल हुई दो महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, नौशेरा जिले में भारी बारिश के बीच फंसे सात लोगों को बचाया गया। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। इसके अलावा, मोहम्मद आदिवासी जिले की पांडियाली तहसील और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि, तेज हवाओं और बारिश के कारण खड़ी फसलों तथा सौर ऊर्जा प्रणालियों को नुकसान पहुंचा है।

भारी बारिश का असर प्रांतीय राजधानी पेशावर में भी देखने को मिला। असेंबली चौक, यूनिवर्सिटी रोड, सदर रोड, नसीर बाग और हयाताबाद के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया। इसके कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई।

पेशावर इलेक्ट्रिक सप्लाई कंपनी (पेस्को) ने बताया कि भारी बारिश के कारण उसके 83 फीडर ट्रिप हो गए। इनमें पेशावर के 19, खैबर के 13, स्वाबी के नौ और मर्दान के 29 फीडर शामिल हैं। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

इससे पहले अगस्त में भी खैबर पख्तूनख्वा में बारिश ने भारी तबाही मचाई थी। उस दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में नौ लोगों की मौत हुई थी, जबकि सात अन्य घायल हुए थे। प्रांत में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से 103 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए थे।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के मुताबिक, क्षतिग्रस्त मकानों में 49 पूरी तरह तबाह हो गए थे, जबकि बाकी मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा था। एबटाबाद और बुनेर में आठ पशुओं के मारे जाने की भी सूचना मिली थी।

2026 के मानसून के दौरान खैबर पख्तूनख्वा के स्वात, खैबर, बुनेर, एबटाबाद, ऊपरी चित्राल और निचले चित्राल समेत कई इलाकों में बारिश से संबंधित घटनाएं सामने आई हैं।