Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय इमरान खान की बहन को तलब किए जाने पर उठे सवाल, रिपोर्ट...

इमरान खान की बहन को तलब किए जाने पर उठे सवाल, रिपोर्ट में कहा- पाकिस्तान में राजनीतिक अभिव्यक्ति पर बढ़ रहा नियंत्रण

0
3

ब्रुसेल्स, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन नूरीन नियाज़ी को एक ऑनलाइन साक्षात्कार के बाद पूछताछ के लिए तलब किए जाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह मामला केवल एक राजनीतिक बयान तक सीमित नहीं है, बल्कि पाकिस्तान में राजनीतिक अभिव्यक्ति और सार्वजनिक विमर्श पर बढ़ते सरकारी नियंत्रण को दर्शाता है।

पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में दिए गए नूरीन नियाज़ी के एक इंटरव्यू पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनकी टिप्पणियां देश के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ हैं। सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने आरोप लगाया कि नियाज़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। वहीं, केंद्रीय मंत्रियों तारिक फजल चौधरी और तल्लाल चौधरी ने कहा कि इस तरह के बयान वैश्विक मंच पर पाकिस्तान की विश्वसनीयता को कमजोर करते हैं।

दूसरी ओर, इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि पाकिस्तान में राजनीतिक अभिव्यक्ति को अपराध की तरह देखा जा रहा है और सार्वजनिक संवाद की गुंजाइश लगातार सिमटती जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने 18 जुलाई को नूरीन नियाज़ी को पूछताछ के लिए तलब किया था। सोशल मीडिया पर उनके इंटरव्यू के व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद उन पर “झूठी, आपत्तिजनक और भड़काऊ” जानकारी फैलाने का आरोप लगाया गया।

ग्रीक वकील, लेखिका और पत्रकार दिमित्रा स्टाइको ने यूरोपा वायर में प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में लिखा कि नूरीन नियाज़ी की ऑनलाइन राजनीतिक चर्चा पाकिस्तान में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विवाद का रूप ले गई। उनके अनुसार, मामला उनके विचारों से अधिक इस बात को लेकर महत्वपूर्ण है कि सरकार ने राजनीतिक टिप्पणी को राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की कूटनीतिक साख के लिए संभावित खतरे के रूप में देखा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि किसी सार्वजनिक राजनीतिक बयान को आपराधिक जांच का विषय बना देना इस व्यापक बदलाव का संकेत है कि अब सरकारें सूचना, राजनीतिक संचार और राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच संबंधों को किस तरह देख रही हैं।

दिमित्रा स्टाइको के अनुसार, आज सूचना केवल जनमत को प्रभावित करने का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि सामाजिक एकता, अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता और किसी देश की कूटनीतिक स्थिति को प्रभावित करने वाला एक रणनीतिक संसाधन बन चुकी है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि नूरीन नियाज़ी का मामला घरेलू राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से कहीं आगे का है। यह दर्शाता है कि सूचना पर नियंत्रण और उसके प्रबंधन को आधुनिक राष्ट्र अपनी शक्ति के महत्वपूर्ण साधन के रूप में देख रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, चाहे नियाज़ी के विचारों से सहमति हो या असहमति, लेकिन पाकिस्तान सरकार की प्रतिक्रिया यह संकेत देती है कि इस तरह की घटनाओं को रणनीतिक संचार की व्यापक नीति का हिस्सा बनाया जा रहा है, जिसके जरिए राज्य अपनी अंतरराष्ट्रीय छवि, संस्थागत वैधता और राष्ट्रीय हितों से जुड़े विमर्श पर नियंत्रण बनाए रखना चाहता है।

रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया है कि यह मामला आधुनिक भू-राजनीति की उस वास्तविकता को भी उजागर करता है, जिसमें देश केवल क्षेत्र, संसाधनों या सैन्य शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक वैधता, विश्वसनीयता और प्रभाव तय करने वाले विमर्श (नैरेटिव) पर नियंत्रण के लिए भी प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।