SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर राहुल गांधी ने फिर...

पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर राहुल गांधी ने फिर से दी सार्वजनिक बहस की चुनौती

0
3

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर सार्वजनिक बहस की चुनौती दी। यह चुनौती ‘दिमागी नक्सली’ और विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने वाले ‘राष्ट्र-विरोधी’ होने के आरोपों के संदर्भ में दी गई है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने हमें नक्सली कहा। मेरी चुनौती कायम है। वे मुझसे इस बात पर बहस कर लें कि कौन देश-विरोधी है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है। कभी भी, कहीं भी। मेरी गारंटी है कि बहस के बाद प्रधानमंत्री में फिर कभी किसी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं बचेगी।

राहुल गांधी का यह सोशल मीडिया पोस्ट सीआरपीएफ जवानों को संबोधित था। इससे पहले, रविवार को छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ जवानों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नक्सलवाद (माओवाद) का खात्मा ही अंतिम लक्ष्य नहीं है। देश के सामने अभी ‘दिमागी नक्सलियों’ से निपटने की चुनौती है, जिन्होंने कई संगठनों पर अपना कब्जा जमा लिया है।

राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के अन्य दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भी वे लोगों को देश के संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं। ये ‘दिमागी नक्सली’ कई राजनीतिक दलों और अलग-अलग संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं। हमें इनकी पहचान करनी होगी, इन्हें हराना होगा और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

दीपावली के मौके पर बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल की जीतें देश के बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए एक आधार का काम करेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की उपलब्धियां हमें प्रेरित करती हैं, लेकिन यह सफर का अंत नहीं है। मैं फिर दोहराता हूं, यह अंत नहीं है।

उन्होंने नक्सलवाद और गरीबी के खिलाफ मिली सफलताओं को एक नई ऊंचाई की ओर बढ़ने के लिए एक ‘लॉन्चपैड’ बताया। कहा कि एक ऐसा कदम जो उन सपनों को साकार करने में मदद करेगा, जिन्हें भारतीयों की कई पीढ़ियों ने सदियों से संजोया है। ये उन स्वतंत्रता सेनानियों के सपने हैं जिन्होंने आजादी के लिए अनगिनत बलिदान दिए, उन वीर सैनिकों के सपने हैं जिन्होंने सीमाओं पर ‘भारत माता’ के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, और उन बहादुर जवानों के सपने हैं जिन्होंने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान दे दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर भरोसा जताया कि देश हर उस संकल्प को पूरा करने में सक्षम है, जिसे वह लेता है। उन्होंने पहले किए गए उन वादों का जिक्र किया जिन्हें सफलतापूर्वक पूरा किया गया है, कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाना, हर घर में शौचालय का निर्माण और टीकाकरण अभियान का विस्तार।

उन्होंने कहा कि इसलिए आज जब हम गरीबी मिटाने, नशा-मुक्त भारत बनाने, विकसित भारत के निर्माण और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने की बात कर रहे हैं तो आप निश्चिंत रहें, देश इन लक्ष्यों को भी जरूर हासिल करेगा।