Thursday, July 9, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन राजीव खंडेलवाल ने ट्रांसजेंडर समुदाय से मांगी माफी, बोले-समाज की गलतियों पर...

राजीव खंडेलवाल ने ट्रांसजेंडर समुदाय से मांगी माफी, बोले-समाज की गलतियों पर मैं शर्मिंदा हूं

0
4

मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता राजीव खंडेलवाल अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। इस कड़ी में टीवी शो ‘तुम हो ना – घर की सुपरस्टार’ में उन्होंने ट्रांसजेंडर कम्युनिटी को लेकर अपने विचार पेश किए और उनसे माफी मांगते हुए कहा कि समाज की ओर से हुई गलतियों पर वह शर्म से अपना सिर झुकाते हैं।

दरअसल, शो के एक एपिसोड में सोशल मीडिया स्टार पूजा शर्मा रेखा मेहमान बनकर पहुंचीं। उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष, समाज से मिले तिरस्कार और अपनी पहचान को स्वीकार करने की मुश्किल यात्रा के बारे में खुलकर बात की। उनकी कहानी सुनकर राजीव खंडेलवाल भावुक हो गए और उन्होंने ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।

पूजा से बात करते हुए राजीव खंडेलवाल ने कहा, “आपने अपने भीतर जो ताकत पैदा की है, वह काबिल-ए-तारीफ है। आपके आसपास नकारात्मक सोच थी। लोगों ने आपका शोषण किया और आपको गलत समझा, लेकिन इसके बावजूद आपने अपनी सोच को सकारात्मक बनाए रखा। आपने हार नहीं मानी, बल्कि दूसरों के लिए मिसाल बन गईं। जिन लोगों ने आपके साथ दुर्व्यवहार किया, उन सभी की ओर से मैं नेशनल टीवी पर शर्म से अपना सिर झुकाता हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “हममें से कई लोग ऐसी संवेदनशील बातों को समझ ही नहीं पाते। कई बार लोग गलत धारणाओं और डर के कारण ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के प्रति भेदभावपूर्ण व्यवहार करते हैं। आज मैं उन सभी लोगों की ओर से आपसे माफी मांगता हूं। मुझे उम्मीद है कि बदलाव जरूर आएगा, भले ही उसमें समय लगे। मैं चाहता हूं कि आपके जैसे लोग आगे बढ़कर समाज को नई सोच दें। आपका अधिकार और सम्मान मिलें, जिसके आप हकदार हैं।”

बातचीत के दौरान पूजा शर्मा रेखा ने बताया कि समाज में स्वीकार किए जाने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि उनके दर्द को समझने वाला कोई नहीं था और कई बार उन्हें अकेले ही हर मुश्किल का सामना करना पड़ा। इस पर राजीव ने कहा, ”देश में आज भी इस विषय को लेकर जागरूकता की कमी है। जब किसी इंसान की बात सुनने वाला ही कोई न हो, तो उसका दर्द और भी बढ़ जाता है। इसलिए समाज को संवेदनशील बनने की जरूरत है।”

इसी दौरान राजीव ने पूजा से पूछा कि उन्हें कब महसूस हुआ कि उनकी पहचान दूसरों से अलग है। इस पर पूजा ने बताया कि जैसे-जैसे वह बड़ी होने लगीं, उन्हें एहसास हुआ कि वह अपने भाई-बहनों से अलग हैं। जहां उनकी बहन और भाई के साथ सामान्य व्यवहार होता था, वहीं उन्हें अलग नजर से देखा जाता था, और यही एहसास धीरे-धीरे उनकी पहचान को समझने का कारण बना।

पूजा शर्मा रेखा ने समाज से अपील करते हुए आगे कहा, “मैं सिर्फ एक बात कहना चाहती हूं। हमें समाज से कुछ नहीं चाहिए, बस हमें स्वीकार कर लीजिए और सम्मान के साथ जीने दीजिए।”

उनकी बात सुनकर राजीव ने कहा, ”ऐसा जरूर होगा। जब आपके जैसे लोग समाज के सामने उदाहरण बनकर खड़े होंगे, तो लोग जरूर स्वीकार करेंगे। आज भी कई लोग अपने भीतर का सच छिपाकर जी रहे हैं, क्योंकि समाज उन्हें खुलकर सामने आने की इजाजत नहीं देता। लेकिन आपके जैसे लोगों को देखकर उनमें भी हिम्मत आएगी।”