मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता शाहरुख खान ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म ‘जवान’ के निर्देशक एटली के लिए एक मजेदार पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट के बाद फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है कि क्या एक बार फिर एटली और किंग खान साथ आएंगे।
एटली ने 2 नवंबर को किंग खान शाहरुख खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया।
इस पोस्ट के जवाब में किंग खान ने लिखा कि धन्यवाद, मेरे ‘जवान’ कैप्टन। सेट की उस मस्ती को बहुत याद कर रहा हूं। चलो, जल्द ही कुछ और नया बनाते हैं। ढेर सारा प्यार।
सोमवार को शाहरुख खान के जन्मदिन पर, एटली ने पोस्ट पर लिखा कि जन्मदिन बहुत-बहुत मुबारक हो किंग खान, शाहरुख सर ‘तू मिल जाए’ गाना बहुत प्यारा है। आपको बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार है, ‘किंग’ का इंतजार रहेगा।
फिल्म निर्माता ने शाहरुख खान को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया और लिखा कि इस शानदार सफर में मेरे मेंटर, गाइड, शुभचिंतक और सबसे बड़ी प्रेरणा बनने के लिए धन्यवाद। आपके साथ बिताए समय से मैंने बहुत कुछ सीखा है न सिर्फ सिनेमा के बारे में, बल्कि जिंदगी, लोगों और हमेशा जमीन से जुड़े रहने के बारे में भी। हमेशा आपका आभारी रहूंगा।
‘जवान’ फिल्म, जिसमें दीपिका पादुकोण भी थीं, एटली और शाहरुख खान के बीच पहला प्रोफेशनल प्रोजेक्ट था। बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करने के अलावा, इस फिल्म ने शाहरुख खान को ‘बेस्ट एक्टर’ के रूप में उनका पहला नेशनल अवॉर्ड भी दिलाया।
एटली ने आगे पोस्ट में लिखा कि शाहरुख सर, आपके आसपास होना ही अपने आप में एक बड़ा आशीर्वाद है। एक फैन के तौर पर, आपके साथ काम करना, एक फिल्म बनाना और उसे शाहरुख खान के उस बड़े अंदाज में पेश करना, सच में ईश्वर का एक बहुत बड़ा आशीर्वाद है। भगवान बहुत दयालु हैं कि उन्होंने हमें हमारी जिंदगी का सबसे बेहतरीन पल दिया। इससे ज्यादा और क्या चाहिए, सर। मेरे लिए इतना ही काफी है, मैं आपका सबसे बड़ा फैन हूं। ढेर सारा प्यार, सर।
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले गौरी खान द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘जवान’ में विजय सेतुपति, नयनतारा, प्रियामणि, सान्या मल्होत्रा और सुनील ग्रोवर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
शाहरुख खान जल्द ही फिल्म किंग में नजर आएंगे। इस फिल्म का बेसब्री से फैंस इंतजार कर रहे हैं।
