Wednesday, July 1, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन जब करिश्मा कपूर ने जताई थी मेकअप रूम शेयर करने पर आपत्ति,...

जब करिश्मा कपूर ने जताई थी मेकअप रूम शेयर करने पर आपत्ति, शिल्पा शिरोडकर ने सुनाया किस्सा

0
5

मुंबई, 1 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘गोपी किशन’ की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में स्पेशल गेस्ट के तौर पर शामिल हुईं शिल्पा ने बातचीत के दौरान बताया कि उस समय में आज की तरह कलाकारों के लिए वैनिटी वैन की सुविधा नहीं होती थी। कलाकारों को प्रोडक्शन की ओर से दिए गए मेकअप रूम में ही तैयार होना पड़ता था।

शो में शिल्पा ने बताया, ”फिल्म की शूटिंग भल्ला बंगला में हो रही थी और उसमें केवल दो मेकअप रूम थे और पूरी यूनिट को उसी में काम चलाना पड़ता था। उस समय मेरा और सुनील शेट्टी का सीन था, इसलिए दोनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। इसी बीच जानकारी मिली कि अगले दिन करिश्मा कपूर भी शूटिंग के लिए आने वाली हैं। जैसे ही यह खबर मिली, प्रोडक्शन टीम परेशान हो गई, क्योंकि दो ही मेकअप रूम थे और तीन कलाकारों के लिए व्यवस्था करनी थी।”

उन्होंने बताया, ”प्रोडक्शन टीम मेरे पास आई और पूरी स्थिति समझाई। मैंने उनसे कहा कि इसमें कोई परेशानी नहीं है। मैं और सुनील शेट्टी एक ही मेकअप रूम का इस्तेमाल कर लेंगे। हमें सिर्फ तैयार होना और कपड़े बदलने थे, इसलिए हमने सोचा कि बड़ा और बेहतर कमरा करिश्मा कपूर को दे दिया जाए, क्योंकि वह पहली बार सेट पर आ रही थीं।”

शिल्पा ने कहा, ”अगले दिन जब करिश्मा कपूर शूटिंग पर पहुंचीं, तो पहले उन्होंने पूरी यूनिट से मुलाकात की और माहौल को समझा। कुछ समय बाद उन्हें इस व्यवस्था के बारे में पता चला। उन्होंने तुरंत पूछा कि जब सिर्फ दो कमरे हैं, तो सुनील शेट्टी कहां तैयार हो रहे हैं। जब मैंने उन्हें बताया कि उनके आने की वजह से मैं और सुनील एक ही मेकअप रूम शेयर कर रहे हैं, तो करिश्मा ने इस बात पर आपत्ति जताई और अपने साथ मेकअप रूम शेयर करने के लिए कहा। इसके बाद मैं और करिश्मा उसी रूम में तैयार हुईं, जबकि दूसरा कमरा सुनील शेट्टी को दे दिया गया।”

शिल्पा शिरोडकर ने आगे कहा, ”अक्सर लोग किसी कलाकार के बारे में कई तरह की बातें करते हैं, लेकिन हर व्यक्ति का अनुभव अलग होता है। बहुत से लोग कहते थे कि करिश्मा कपूर सेट पर नखरे करती हैं, लेकिन मैंने कभी ऐसा व्यवहार नहीं देखा। करिश्मा ने हमेशा समझदारी भरा व्यवहार किया है।”

साल 1994 में रिलीज हुई फिल्म ‘गोपी किशन’ का निर्देशन मुकेश दुग्गल ने किया था। फिल्म में सुनील शेट्टी डबल रोल में नजर आए थे, जबकि शिल्पा शिरोडकर और करिश्मा कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।