Monday, July 20, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव, जॉर्डन में गूंजे सायरन, ईरान की मिसाइलों...

मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव, जॉर्डन में गूंजे सायरन, ईरान की मिसाइलों को हवा में ही क‍िया इंटरसेप्ट

0
11

अम्मान, 19 जुलाई (आईएएनएस)। जॉर्डन के सरकारी प्रसारण संस्थान जॉर्डन रेडियो एंड टेलीविजन कॉरपोरेशन ने रविवार को जॉर्डन के कई इलाकों में सायरन बजने की जानकारी दी।

जॉर्डन के सरकारी प्रसारण संस्थान जॉर्डन रेडियो एंड टेलीविजन कॉरपोरेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर इसकी जानकारी दी।

रिपोर्टों के अनुसार, कई मीडिया रिपोर्टों ने इजरायली सेना के हवाले से बताया कि रविवार को ईरान से दागी गई मिसाइलों की पहचान जॉर्डन के सबसे दक्षिणी तटीय शहर अकाबा की ओर जाते हुए हुई थी। इजरायली और जॉर्डन की सेनाओं ने इन मिसाइलों को बीच रास्ते में ही रोक दिया।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की र‍िपोर्ट के अनुसार, इससे पहले दिन में, अम्मान स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक सुरक्षा अलर्ट जारी किया था। इसमें कहा गया था कि अकाबा का हवाई अड्डा और बंदरगाह एक ‘खास और भरोसेमंद खतरे’ के कारण खाली करा दिए गए हैं। दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों से अपील की थी कि वे अगली सूचना तक इन जगहों की यात्रा न करें।

अमेरिकी दूतावास ने जॉर्डन में सैन्य ठिकानों से दूर रहने की अपनी चेतावनी भी दोहराई, हालांकि बाद में जॉर्डन के अधिकारियों ने अमेरिकी दूतावास के इस दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों जगह सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

जॉर्डन के सरकारी संचार मंत्री मोहम्मद अल मोमानी ने एक बयान में कहा कि संबंधित अधिकारियों ने हवाई अड्डे या बंदरगाह को खाली कराने का कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि जॉर्डन के अधिकारी तय प्रक्रिया के अनुसार ही अलर्ट जारी करेंगे, जिसमें जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सायरन बजाना भी शामिल है।

ये घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आए हैं, जब मध्य पूर्व में तनाव काफी बढ़ गया है। अमेरिका और ईरान के बीच कई दौर में हमले हो चुके हैं। अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर आठ बार हमले किए हैं, जबकि ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और सुविधाओं को निशाना बनाया है।

शनिवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि उसने जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला किया, कुवैत में ईंधन आपूर्ति केंद्र को निशाना बनाया और बहरीन में एक डेटा सेंटर को नष्ट कर दिया। इसकी जानकारी ईरानी सरकारी मीडिया ने दी।

ईरानी समाचार एजेंसी सेपाह के अनुसार, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने जॉर्डन के अल-अजराक स्थित अमेरिकी अड्डे पर लड़ाकू विमानों के ठिकानों और एक बड़े पार्किंग क्षेत्र को निशाना बनाया। उसने दावा किया कि मिसाइल और ड्रोन हमले में कम से कम दो लड़ाकू विमान और तीन अमेरिकी विमान नष्ट हुए या उन्हें भारी नुकसान पहुंचा।