SGSU Advertisement
Home राजनीति सोनिया गांधी ने शेयर किया पहले बच्चे को खोने का दर्द, शव...

सोनिया गांधी ने शेयर किया पहले बच्चे को खोने का दर्द, शव को नदी में प्रवाहित करने से कर दिया था मना

0
2

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में शादी के बाद अपने जीवन के एक बेहद दुखद दौर का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि वह और पति पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, अपने पहले बच्चे को जन्म के कुछ घंटों बाद ही खो बैठे थे।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि उनकी गर्भावस्था के दौरान गांधी परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद अचानक सब कुछ बदल गया। नवजात बच्चा देखने में पूरी तरह स्वस्थ लग रहा था, फिर भी कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई।

18 जनवरी 1969 को सोनिया गांधी ने एक बेटे को जन्म दिया था। यह समय से पहले हुई डिलीवरी थी। यह घटना राहुल गांधी के जन्म से करीब एक साल पहले हुई थी।

सोनिया गांधी ने लिखा, “मैंने बच्चे के जन्म के बाद उसकी पहली आवाज सुनी, जब उसे इनक्यूबेटर में रखा गया। बाद में राजीव मुझे उसे दिखाने ले गए। वह छोटा-सा, पूरी तरह स्वस्थ दिखने वाला बच्चा था, जिसके घने काले बाल और लंबी पतली उंगलियां थीं।”

उन्होंने लिखा कि वह और राजीव गांधी उसे देखते ही उससे प्यार करने लगे थे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनका बच्चा अब इस दुनिया में नहीं रहा।

इस दर्दनाक घटना को याद करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा कि पहले बच्चे को खोने का सदमा और दुख उनके लिए सहन करना बेहद मुश्किल था। उन्होंने लिखा, “नहीं, यह संभव नहीं था। मैं बार-बार पूछ रही थी कि ऐसा क्यों हुआ। हम दोनों गहरे सदमे में थे और हमारा दिल टूट गया था।”

सोनिया गांधी के अनुसार, राजीव गांधी भी इस घटना से पूरी तरह टूट गए थे। उन्होंने भी उनके साथ बैठकर आंसू बहाए। उन्होंने बताया कि उस समय उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने सरकारी दौरे बीच में ही छोड़ दिए और अस्पताल पहुंचकर उन्हें संभाला था।

सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्होंने (इंदिरा गांधी) हमें गले लगा लिया। उनकी आंखें लाल और सूजी हुई थीं। वह लंबे समय तक उनके साथ बैठीं और इस दुख को सहने में उनका हौसला बढ़ाया।

किताब में सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत बच्चे को अंतिम विदाई देने के उन कठिन क्षणों का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि उस समय परंपरा के अनुसार बच्चे के शव को नदी में प्रवाहित करने का सुझाव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।

कई बार चर्चा के बाद परिवार ने फैसला किया कि बच्चे को दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाया जाएगा। सोनिया गांधी ने लिखा, “यह बहुत दर्दभरा फैसला था, लेकिन हमारे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था।”

उन्होंने बताया कि लंबे समय तक वह और राजीव गांधी उस जगह रुकते थे, जहां बच्चा दफनाया गया था और वहां लगे बोगनवेलिया के पौधे के पास एक फूल रखकर उसे याद करते थे।